सहारनपुर में फर्जी पुलिसवाला गिरफ्तार:9 मुकदमों का आरोपी, पुलिस ने बेलड़ा नहर पुल के पास से पकड़ा
सहारनपुर की बड़गांव पुलिस ने गुरुवार शाम चार बजे लूट के मुकदमे में फरार एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, उसके कब्जे से लूटी गई ग्रैंड विटारा कार के साथ फर्जी पुलिस पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ऋषिपाल पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और मेरठ में धोखाधड़ी, मारपीट, धमकी, जालसाजी और अन्य धाराओं में नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के बाद मुकदमे में फर्जी पहचान पत्र से संबंधित धाराएं भी बढ़ाई हैं। मामला बड़गांव थाना क्षेत्र के शब्बीरपुर निवासी नेपाल की शिकायत से जुड़ा है। नेपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने फाइनेंस पर ग्रैंड विटारा कार खरीदी थी। आरोप है कि 7 सितंबर 2023 को ऋषिपाल और उसके साथियों ने उसे गुमराह कर बुलाया और उसकी कार, मोबाइल फोन व घड़ी छीन ली। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद कार का इस्तेमाल गैरकानूनी गतिविधियों में किया जा रहा था। काफी समय बाद पीड़ित ने 24 सितंबर 2026 को बड़गांव थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें ऋषिपाल के खिलाफ लूट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर बड़गांव पुलिस ने ऋषिपाल को बेलड़ा नहर पुल के पास गन्ना तौल केंद्र के नजदीक से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई ग्रैंड विटारा और एक फर्जी पुलिस पहचान पत्र बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, फर्जी पहचान पत्र मिलने के बाद मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक ऋषिपाल के खिलाफ बड़गांव, देवबंद, फतेहपुर, नागल, चरथावल और मवाना थानों में कुल 9 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, जालसाजी, धमकी, मारपीट और एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। कार्रवाई थानाध्यक्ष नरेन्द्र भड़ाना के नेतृत्व में एसआई बचन सिंह अत्री, हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल अमरदीप और हेड कांस्टेबल मनदीप की टीम ने की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)