सहारनपुर में पीट–पीटकर युवक की हत्या:टायर फैक्ट्री के धुएं से होने वाले प्रदूषण के विरोध में पहुंचे थे दबंग युवक, 11 के खिलाफ हत्या की FIR
सहारनपुर के थाना गंगोह क्षेत्र में टायर फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण के विरोध को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि फैक्ट्री के अंदर खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना थाना गंगोह क्षेत्र के सलारपुरा स्थित टायर फैक्ट्री की बताई जा रही है। मृतक की पहचान शामली जिले के मन्नामाजरा निवासी अरबीन चौहान के रूप में हुई है। घायल सादिक की हालत गंभीर बताई गई है। दूसरे पक्ष का संजय उर्फ संदीप भी घायल हुआ है। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण को लेकर आसपास के ग्रामीणों में नाराजगी थी। इसी विरोध के चलते कुछ युवक फैक्ट्री पहुंचे थे। वहां फैक्ट्री में काम करने वाले लोगों और बाहर से पहुंचे युवकों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान कई युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है। आरोप है कि मारपीट के दौरान अरबीन चौहान और सादिक को बुरी तरह पीटा गया। अरबीन की हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सादिक गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरे पक्ष के संजय उर्फ संदीप को भी चोटें आई हैं। युवक की मौत की सूचना से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। लोहे की रॉड और गड़ासे से हमले का आरोप घटना को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि कुछ युवक फैक्ट्री में घुसे और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हमले में लोहे की रॉड और गड़ासे का इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, घटना के दौरान किसने किस पर हमला किया और विवाद की शुरुआत कैसे हुई, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। ग्रामीणों का कहना है कि वे फैक्ट्री से निकलने वाले धुएं से परेशान थे और इसी वजह से फैक्ट्री बंद कराने के विरोध में पहुंचे थे। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलने के बाद गंगोह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा सके और घटनाक्रम का पता लगाया जा सके। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में 11 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की बात गंगोह कोतवाली प्रभारी इंद्रेश चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)