सहारनपुर में शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार:पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, 1 करोड़ की 492 ग्राम स्मैक बरामद
सहारनपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार दोपहर तीन बजे मिर्जापुर थाना पुलिस और स्वॉट सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है।आरोपी के कब्जे से 492 ग्राम अवैध स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये है। एसपी देहात मयंक पाठक के मुताबिक शनिवार दोपहर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ा एक आरोपी इलाके में मौजूद है। सूचना के बाद मिर्जापुर थाना पुलिस, एसओजी और स्वॉट सर्विलांस सेल की टीम ने गांव आलमपुर के जंगल में चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध युवक को पकड़ा। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 492 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहताब पुत्र अब्दुल रहीम, निवासी ग्राम दुमझेड़ा, थाना चिलकाना, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मिर्जापुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मेहताब के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 में चिलकाना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ था। इसके बाद 2022 में एनडीपीएस एक्ट के साथ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ। वर्ष 2023 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा 2017 में रामपुर मनिहारान थाने में सड़क दुर्घटना से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। अब पुलिस की जांच का फोकस इस बात पर है कि 492 ग्राम स्मैक आरोपी तक कहां से पहुंची और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। साथ ही नशे के इस नेटवर्क से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक तलाशे जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर उसे कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कार्रवाई में मिर्जापुर थाना प्रभारी विनोद कुमार, एसओजी प्रभारी राजीव कुमार सक्सैना, स्वॉट प्रभारी नीरज पंवार समेत थाना मिर्जापुर, एसओजी और स्वॉट टीम के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)