सहारनपुर में सपा प्रदेश सचिव समेत 8 पर केस:सड़क जाम और चुनाव आयुक्त के खिलाफ आपत्तिजनक तख्तियां लहराने का आरोप

Oct 09, 2026 - 11:04
0
सहारनपुर में सपा प्रदेश सचिव समेत 8 पर केस:सड़क जाम और चुनाव आयुक्त के खिलाफ आपत्तिजनक तख्तियां लहराने का आरोप
सहारनपुर में वोट चोरी के विरोध में प्रदर्शन करना समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव रूही अंजुम और उनके समर्थकों को भारी पड़ गया। अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन और सड़क जाम करने के मामले में जनकपुरी पुलिस ने रूही अंजुम समेत आठ नामजद और अन्य अज्ञात कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर अभद्र नारेबाजी, धक्का-मुक्की और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। गुरुवार रात दस बजे के करीब सभी आठ लोगों को सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया। रिहाई के बाद रूही ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ लोकतंत्र की लड़ाई जारी रहेगी। पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर को सपा कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी के विरोध में एकत्र होकर ज्ञापन देने का कार्यक्रम बनाया था। एसएसआई सत्यभान सिंह के अनुसार, अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां प्रदर्शनकारी सड़क पर बैठकर नारेबाजी कर रहे थे, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयुक्त के खिलाफ अभद्र भाषा लिखी तख्तियां ले रखी थीं। अनुमति मांगने पर वे कोई अनुमति नहीं दिखा सके। जनपद में बीएनएसएस की धारा 163 लागू होने के बावजूद प्रदर्शन करने का भी आरोप है। तहरीर के मुताबिक, पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर ज्ञापन सौंपने और शांतिपूर्वक लौटने के लिए कहा, लेकिन वे नहीं माने। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की। महिला एसआई मोनिका यादव समेत अन्य पुलिसकर्मियों के पहुंचने के बाद भी प्रदर्शन जारी रहा। पुलिस ने सड़क जाम कर यातायात खुलवाने में बाधा डालने का आरोप लगाया है। मुकदमे में रूही अंजुम, मीरा कुमारी, जितेंद्र सिंह, बदर, चौधरी कुलदीप, रऊफ, सलमान सिद्दीकी और फुरकान को नामजद किया गया है। इनके अलावा अज्ञात समर्थकों को भी आरोपी बनाया गया है। रूही अंजुम ने आरोप लगाया कि हिरासत में लेते समय उनके साथ महिला पुलिस कांस्टेबल मौजूद नहीं थी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता वोट चोरी के विरोध में ज्ञापन देने पहुंचे थे,किसी गलत काम के लिए नहीं। रूही के मुताबिक, आठ लोगों का चालान किया गया और रात में जमानत मिलने के बाद सभी घर लौट आए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User