सहारनपुर में सफाई कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी:सुकमा कंपनी आई तो काम बंद, अलीगढ़ में वेतन न देने का आरोप

Oct 17, 2026 - 18:33
0
सहारनपुर में सफाई कर्मचारियों ने दी हड़ताल की चेतावनी:सुकमा कंपनी आई तो काम बंद, अलीगढ़ में वेतन न देने का आरोप
सहारनपुर नगर निगम में सफाई व्यवस्था के लिए सुकमा कंपनी को दिए जा रहे टेंडर का विरोध शुरू हो गया है। स्थायी, संविदा एवं ठेका सफाई कर्मचारी यूनियन ने कंपनी पर अलीगढ़ में कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं देने और ईएसआई-ईपीएफ जमा नहीं करने के आरोप लगाए हैं। शनिवार दोपहर दो बजे यूनियन ने जिलाध्यक्ष राधेश्याम के नेतृत्व में नगर निगम पहुंचकर नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसमें सुकमा कंपनी का टेंडर निरस्त करने की मांग की गई। यूनियन ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर सफाई कर्मचारी आंदोलन और कामबंद हड़ताल करने को मजबूर होंगे। यूनियन के जिलाध्यक्ष राधेश्याम ने कहा कि नगर निगम में सफाई व्यवस्था के लिए जारी टेंडर सुकमा कंपनी को दिया गया है। यह कंपनी पहले से अलीगढ़ नगर निगम में काम कर रही है। आरोप है कि वहां कंपनी सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं देती। कर्मचारियों का ईएसआई और ईपीएफ भी समय से जमा नहीं किया जाता। इससे कर्मचारियों को आर्थिक और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अलीगढ़ में कंपनी की कार्यप्रणाली और सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। उनके अनुसार, अलीगढ़ नगर निगम की ओर से कंपनी को नोटिस जारी किए गए और पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। यूनियन का कहना है कि जिस कंपनी पर दूसरे नगर निगम में कर्मचारियों के शोषण और भुगतान में लापरवाही के आरोप लग रहे हैं, उसे सहारनपुर में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं दी जानी चाहिए। ज्ञापन में नगर आयुक्त से पूरे मामले को ध्यान में रखते हुए कंपनी का टेंडर निरस्त करने की मांग की गई है। यूनियन का कहना है कि उन्हें ऐसी कंपनी चाहिए, जो सफाई कर्मचारियों के हितों का ध्यान रखे, समय पर वेतन दे और ईएसआई-ईपीएफ की राशि नियमानुसार जमा करे। साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं का समय पर समाधान करे। जिलाध्यक्ष राधेश्याम ने स्पष्ट कहा कि यूनियन किसी कंपनी के खिलाफ नहीं है, लेकिन कर्मचारियों के हितों की अनदेखी करने वाली कंपनी का विरोध करेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User