सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा:20 चोरी की बाइक बरामद, फर्जी RC और नंबर प्लेट से बदलते थे पहचान

Oct 02, 2026 - 13:21
0
सहारनपुर में वाहन चोर गिरोह का खुलासा:20 चोरी की बाइक बरामद, फर्जी RC और नंबर प्लेट से बदलते थे पहचान
सहारनपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का शुक्रवार दोपहर एक बजे खुलासा किया है। नानौता पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 20 बाइक, 7 फर्जी नंबर प्लेट, 4 फर्जी आरसी, चेसिस और इंजन नंबर बदलने वाली डाई मशीन, काले पेंट का स्प्रे और लोहे की रेती बरामद की है। पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि गिरोह चोरी की बाइकों के चेसिस और इंजन नंबर बदलकर उनकी पहचान मिटाता था। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर उन्हें बेचने की तैयारी की जाती थी। थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर काशीपुर गांव के जंगल में चेकिंग की। यहां से पुलिस ने तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनूप उर्फ काला पुत्र राजकुमार निवासी भावसी रायपुर, थाना नानौता, बादल उर्फ काकुल पुत्र सुरेंद्र निवासी भावसी, थाना नानौता और अकुल उर्फ वंशु उर्फ वनराज पुत्र उमेश उर्फ बबरभान निवासी भावसी रायपुर, थाना नानौता के रूप में हुई है। एसपी देहात मयंक पाठक के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका एक गिरोह है। इसमें तीनों के अलावा दो अन्य लोग भी शामिल हैं। गिरोह के सदस्य अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद बाइकों पर लगी नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। इसके बाद डाई मशीन की मदद से चेसिस और इंजन नंबर भी बदल दिए जाते थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि गिरोह का एक सदस्य चोरी की बाइकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलने का काम करता था। वहीं, जनसेवा केंद्रों से आरसी निकलवाने और ऑनलाइन ऐप के जरिए आसपास खड़ी गाड़ियों के फोटो लेकर उनके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फर्जी आरसी तैयार करने का काम भी किया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने रामपुर मनिहारान, नानौता, नागल, बड़गांव और अन्य स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं। चोरी की इन बाइकों की नंबर प्लेट और चेसिस-इंजन नंबर बदलकर उन्हें बेचने की तैयारी थी। पुलिस ने बताया कि बाइकें काशीपुर के आम के बाग में बने एक खाली मकान में छिपाकर रखी गई थीं। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वहां से 20 बाइक बरामद कीं। पुलिस ने मामले में थाना नानौता पर मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, थाना नानौता में पहले से दर्ज मुकदमो में बरामदगी के आधार पर अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User