सहारनपुर में विधवा को पड़ोसी धमका रहे:घर की मरम्मत रोकी, SSP से लगाई गुहार, जमीन हड़पने का आरोप
सहारनपुर के सरसावा थाना क्षेत्र के सकरुल्लापुर गांव में 75 वर्षीय विधवा महिला ने पड़ोसियों पर परेशान करने,मकान की मरम्मत और दरवाजा निर्माण में बाधा डालने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पति की करीब 40 साल पहले मौत हो चुकी है और उसकी कोई संतान भी नहीं है। वह अकेले ही जीवन गुजार रही है। आरोप है कि पड़ोसी और उनके बेटे लगातार उसे परेशान कर रहे हैं और जानमाल की धमकी दे रहे हैं। बुधवार दोपहर एक बजे के करीब कश्मीर कौर पुलिस लाइन पहुंचीं और एसएसपी से शिकायत कर सुरक्षा तथा मामले में कार्रवाई की मांग की। शिकायत में उन्होंने बताया कि सकरुल्लापुर में जिस मकान में वह रहती हैं, वह उनके दिवंगत पति का पैतृक मकान है। पति की मौत के बाद से वह इसी मकान में रह रही हैं। कश्मीर कौर का आरोप है कि पड़ोसी रामकुमार और उसके बेटे आए दिन उनके साथ विवाद करते हैं। मकान की मरम्मत कराने और दरवाजा बनवाने में भी अड़ंगा डालते हैं। विरोध करने पर उन्हें धमकाया जाता है। महिला के मुताबिक गांव के प्रधान ने भी कई बार आरोपियों को समझाया,लेकिन इसके बावजूद उनकी हरकतें बंद नहीं हुईं। एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र और बातचीत में महिला ने जमीन को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जिस जगह पर उनका मकान बना है,उसे लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है। आरोप है कि उनके हिस्से की जगह पर जबरन पट्टा कराने का प्रयास किया जा रहा है। महिला का कहना है कि वह पहले भी अधिकारियों के यहां शिकायत कर चुकी हैं और मामले में समझौते का प्रयास हुआ था,लेकिन विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ। कश्मीर कौर ने बताया कि अकेली होने के कारण वह लगातार दबाव और परेशानी में हैं। उनका कहना है कि उनके पास न कोई संतान है और न ही ऐसा कोई सहारा, जो विवाद के समय उनके साथ खड़ा हो सके। उन्होंने एसएसपी और एसपी देहात से मामले की निष्पक्ष जांच कराने,मकान और जमीन को लेकर चल रहे विवाद का समाधान कराने तथा आरोपियों से सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)