सहारनपुर में विधवा से मारपीट-जेठ पर मकान कब्जाने का आरोप:5 बच्चों संग बेघर होने की आशंका, SSP से मदद मांगी

Oct 15, 2026 - 17:47
0
सहारनपुर में विधवा से मारपीट-जेठ पर मकान कब्जाने का आरोप:5 बच्चों संग बेघर होने की आशंका, SSP से मदद मांगी
सहारनपुर में फतेहपुर थाना क्षेत्र के शेखूपुर मुजाहिदपुर गांव में जमीन के विवाद को लेकर एक विधवा महिला ने अपने जेठ और उसके परिवार पर मारपीट करने, मकान पर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला का कहना है कि पति की मौत के बाद वह मजदूरी करके अपने पांच बच्चों का पालन-पोषण कर रही है। अब उसे अपने हिस्से की जमीन से भी वंचित किया जा रहा है। पीड़िता ने गुरुवार दोपहर दो बजे अपने भाइयों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। उसने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और जमीन पर कथित कब्जा रुकवाने की मांग की है। पीड़िता बंटी देवी के मुताबिक, उसके पति विनोद कुमार की करीब छह साल पहले कोरोना काल में मौत हो गई थी। उसके परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं। पति की मौत के बाद पांचों बच्चों की जिम्मेदारी उसी पर आ गई। वह मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाती है। बंटी देवी ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 12 अक्टूबर की सुबह वह अपने मकान से कुछ सामान लेने गई थी। बाहर आने के बाद उसने बेबी और उसकी बेटी पायल से मकान के सामने रखा सामान हटाने को कहा। उसका कहना है कि वह अपनी आबादी की जमीन पर मकान बनाना चाहती है। आरोप है कि इसी बात पर विवाद शुरू हो गया। बेबी और पायल ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। कुछ देर बाद प्रमोद कुमार भी मौके पर पहुंच गया और उसने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर सुनकर बीच-बचाव करने आए उसके नाबालिग बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता ने घर के सामान में तोड़फोड़ करने और उसे बच्चों समेत जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। बंटी के भाई संदीप का कहना है कि परिवार में बंटवारे के दौरान उनकी बहन का हिस्सा तय हुआ था, लेकिन उसे जमीन पर कब्जा नहीं मिल रहा है। पहले भी बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि थाने में शिकायत करने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज कराने, मामले की जांच कराने और अपने हिस्से की जमीन पर कथित कब्जा रुकवाने की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User