सहारनपुर में विवाहिता से 5 लाख मांगे:नहीं देने पर बच्चों समेत घर से निकाला, जेठ पर अश्लील हरकतों का आरोप
सहारनपुरन के बिहारीगढ़ क्षेत्र की विवाहिता ने पति समेत पांच ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न,मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसके पहले पति की मौत के बाद मिले दुर्घटना क्लेम की रकम भी धोखे से ले ली। बाद में पांच लाख रुपये की मांग करते हुए उसे दो बच्चों समेत घर से निकाल दिया। मामले में महिला थाना पुलिस ने मंगलवार सुबह आठ बजे पति समीर, ससुर लियाकत, सास समर, मोबिन और जेठ सद्दाम के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मदनपुरा निवासी आसमीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब सात-साढ़े सात साल पहले उसका निकाह समीर से हुआ था। इससे पहले उसका निकाह समीर के बड़े भाई शाहरुख से हुआ था। शादी के करीब डेढ़ साल बाद एक दुर्घटना में शाहरुख की मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार और बिरादरी के लोगों की सहमति से आसमीन का निकाह समीर से करा दिया गया। आसमीन के मुताबिक,पहले पति की मौत के बाद दुर्घटना क्लेम के रूप में मिली रकम उसके बैंक खाते में आई थी। आरोप है कि पति और ससुराल के अन्य लोगों ने धोखे से पूरी रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद दहेज की मांग को लेकर उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा। महिला के दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र करीब साढ़े छह साल और साढ़े चार साल है। महिला ने आरोप लगाया कि उसका जेठ सद्दाम नशे का आदी है और कई बार उसकी मर्जी के खिलाफ अश्लील हरकतें कर चुका है। विरोध करने पर ससुराल के अन्य लोग उसका साथ देने के बजाय उसके साथ मारपीट करते थे। आसमीन का यह भी आरोप है कि करीब दो साल पहले उसके पति समीर का दूसरा निकाह करा दिया गया था। इसके बाद उसे बच्चों समेत घर से निकाल दिया गया। रिश्तेदारों के हस्तक्षेप के बाद वह दोबारा ससुराल पहुंची थी।आसमीन ने पुलिस को बताया कि 8 जून 2025 को पति और अन्य ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद पांच लाख रुपये लाने की मांग करते हुए उसे बच्चों समेत घर से निकाल दिया। आरोप है कि रुपये के बिना वापस आने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़िता के अनुसार, वह कई महीनों से मायके में रह रही है। रिश्तेदारों के समझाने के बावजूद ससुराल पक्ष अपनी मांग पर अड़ा हुआ है। महिला ने तीन तलाक की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले की जांच शुरु कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)