सहारनपुर में युवक के सिर में गोली लगा शव मिला:पास में तमंचा और जेब में मिला सुसाइड नोट; लिखा- मैं अपनी मौत का खुद जिम्मेदार हूं

Oct 13, 2026 - 17:24
0
सहारनपुर में युवक के सिर में गोली लगा शव मिला:पास में तमंचा और जेब में मिला सुसाइड नोट; लिखा- मैं अपनी मौत का खुद जिम्मेदार हूं
सहारनपुर में रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गोली लगा शव मिलने से सनसनी फैल गई। लालू माजरा मार्ग पर ब्राह्मणों की पुलिया के पास गांव सहजवा निवासी करीब 52 वर्षीय आरिम का शव पड़ा मिला। उसके सिर में गोली लगी थी। शव के पास से पुलिस को एक तमंचा और जिंदा कारतूस मिला। वहीं, मृतक की जेब से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ। इसमें लिखा था, 'मैं अपनी मौत का खुद जिम्मेदार हूं।' सुसाइड नोट मिलने और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। प्रधान की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस गांव सहजवा के प्रधान अरुण ने मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना दी कि लालू माजरा मार्ग पर ब्राह्मणों की पुलिया के पास एक व्यक्ति का गोली लगा शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक की पहचान सहजवा निवासी आरिम के रूप में हुई। उसके सिर में गोली लगी थी। शव के पास तमंचा और जिंदा कारतूस मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। तीन साल से यमुनानगर में रहकर कर रहा था मजदूरी ग्रामीण कुलदीप सिंह के अनुसार, आरिम पिछले करीब तीन साल से हरियाणा के यमुनानगर में रहकर मजदूरी कर रहा था। वह अविवाहित था और काफी समय से गांव से बाहर रह रहा था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के पास सड़क किनारे मिलने की सूचना से ग्रामीणों में भी चर्चा शुरू हो गई। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या वजह रही और घटना से पहले उसकी परिस्थितियां कैसी थीं, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस बोली- प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि मृतक की जेब से सुसाइड नोट मिला है। घटनास्थल से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच सुसाइड नोट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर केंद्रित है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की परिस्थितियों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User