टीचर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों का हंगामा:सीतापुर में एसपी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण और परिजन, युवती की आत्महत्या के लिए टीचर को ठहराया जिम्मेदार
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में 21 वर्षीय युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे परिजनों ने युवती को ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक रंजीत प्रजापति पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अनैतिक कार्य के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजन मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी कर न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता भी परिजनों के समर्थन में पहुंचे। युवती के पिता विष्णु कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी टीचर रंजीत प्रजापति कई वर्षों से उनकी बेटी को ट्यूशन पढ़ा रहा था। आठ अक्टूबर को उनकी बेटी ने फांसी लगाकर जान दे दी थी। परिजनों को आशंका है कि शिक्षक की प्रताड़ना के चलते युवती ने यह कदम उठाया। युवती की मां रीना भार्गव ने भी शिक्षक पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी बेटी के साथ कुछ ऐसा हुआ होगा, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन कई दिन बीतने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने से वे परेशान हैं। गिरफ्तारी के आश्वासन पर शांत हुए परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे परिजनों से सीओ विनय कुमार ने बातचीत की। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शांत हुए। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)