सहारनपुर पुलिस ने गांधी-शास्त्री जयंती पर फहराया तिरंगा:SSP ने ली एकता-अखंडता की शपथ, पुलिसकर्मियों को बांटी मिठाई
सहारनपुर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार सुबह सात बजे पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एसएसपी अभिनन्दन ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता, शांति, सद्भाव तथा संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली। इसके बाद महात्मा गांधी की प्रिय रामधुन का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने महात्मा गांधी के जीवन और उनके देश की आजादी में योगदान को याद किया। उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानव सेवा के विचारों पर प्रकाश डाला गया। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को भी याद किया गया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के दौरान पुलिस लाइन परिसर देशभक्ति के माहौल से गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन के बाद पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ आत्मीयता से मुलाकात की। इस दौरान पुलिसकर्मियों को मिठाई और फल वितरित किए गए। अधिकारियों ने कहा कि गांधीजी और शास्त्रीजी के आदर्श आज भी समाज और देशसेवा के लिए प्रेरणा देते हैं। सहारनपुर पुलिस की ओर से कहा गया कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेकर पुलिसकर्मी ईमानदारी, अनुशासन और जनसेवा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)