'शेर आया- शेर आया', नारो से गूंजा शहर:MLC नामांकन में उमड़ी भीड़, गोरखपुर में लगा जाम

Oct 05, 2026 - 18:31
0
'शेर आया- शेर आया', नारो से गूंजा शहर:MLC नामांकन में उमड़ी भीड़, गोरखपुर में लगा जाम
गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में सोमवार को नामांकन के जरिए शहर में सियासी ताकत का जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के साथ जहां बड़ी संख्या में शिक्षक और समर्थक सड़क पर उतरे, वहीं निर्दल प्रत्याशी अजय सिंह और राकेश सिंह ने भी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए अपनी ताकत दिखाई। सुबह से ही शहर में अलग-अलग प्रत्याशियों के समर्थन में शिक्षक और कार्यकर्ता जुटने लगे थे। नामांकन स्थल के आसपास भी समर्थकों की भीड़ नजर आई। प्रत्याशियों के जुलूस और गाड़ियों के नाते कचहरी, हरिओम नगर, गोलघर, शास्त्री चौक की सड़कों पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सड़क पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं। ध्रुव त्रिपाठी ने सभा के बाद किया पैदल मार्च भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने नामांकन से पहले शिक्षकों की विशाल सभा बुलाई। सभा में बड़ी संख्या में शिक्षक और उनके समर्थक पहुंचे। सभा के बाद ध्रुव त्रिपाठी समर्थकों के साथ पैदल ही मंडलायुक्त कार्यालय के लिए रवाना हुए। उनका जुलूस हरिओमनगर और कचहरी चौराहा होते हुए नामांकन स्थल तक पहुंचा। रास्ते भर समर्थक नारेबाजी करते रहे। समर्थकों ने ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ और ‘क्यों पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है टक्कर में’ जैसे नारे लगाए। मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचकर ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद समर्थकों ने उन्हें माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया। मीडिया से बातचीत में ध्रुव त्रिपाठी ने चुनाव में बंपर जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जीत शिक्षकों की होगी। शिक्षकों का समर्थन उनके साथ है और चुनाव परिणाम में इसका असर साफ दिखाई देगा। अजय सिंह ने भी दिखाई ताकत, बोले- पिछली कमी दूर कर ली इसी सीट से निर्दल प्रत्याशी अजय सिंह ने भी सोमवार को अपनी दावेदारी मजबूत करने के लिए शक्ति प्रदर्शन किया। अजय सिंह पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे। इस बार वह पिछली बार की कमी को दूर करने और चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने का दावा कर रहे हैं। नामांकन से पहले अजय सिंह ने अपने समर्थकों और शिक्षकों के बीच कार्यक्रम किया। इसमें बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। उन्होंने समर्थकों को संबोधित करते हुए चुनाव में जीत का भरोसा जताया। अजय सिंह का कहना था कि पिछली बार जो कमी रह गई थी, उसे इस बार दूर कर लिया गया है। इसके बाद वह समर्थकों के साथ नामांकन के लिए पहुंचे। नामांकन के बाद उन्होंने हाथ से विक्ट्री साइन दिखाते हुए कहा कि इस बार वह चुनाव जीत रहे हैं। राकेश सिंह ने भी शिक्षकों के बीच रखी अपनी बात निर्दल प्रत्याशी राकेश सिंह ने भी सोमवार को शिक्षकों के बीच कार्यक्रम आयोजित कर अपनी ताकत दिखाई। उन्होंने शिक्षकों को संबोधित करते हुए चुनाव में समर्थन मांगा। राकेश सिंह ने कहा कि शिक्षकों को इस बार उन्हें मौका देना चाहिए। वह चुनाव जीतने के बाद शिक्षकों के हितों की आवाज मजबूती से उठाने का काम करेंगे। उनके कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में शिक्षक और समर्थक जुटे। एक ही दिन में तीनों प्रत्याशियों का शक्ति प्रदर्शन एमएलसी चुनाव के नामांकन के अंतिम दौर में सोमवार को एक तरह से तीनों प्रमुख दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला। भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी ने जहां पार्टी के समर्थन और शिक्षकों की बड़ी भीड़ के साथ अपनी ताकत दिखाई, वहीं अजय सिंह और राकेश सिंह ने भी निर्दल प्रत्याशी के तौर पर समर्थकों की संख्या जुटाकर अपनी दावेदारी मजबूत करने का प्रयास किया। तीनों प्रत्याशियों के कार्यक्रमों में शिक्षकों की भीड़ जुटाने की कोशिश साफ नजर आई। सभाओं से लेकर नामांकन स्थल तक समर्थकों का उत्साह दिखाई दिया। अलग-अलग इलाकों से आए समर्थक अपने प्रत्याशी के पक्ष में नारेबाजी करते नजर आए। जुलूसों से शहर में जगह-जगह यातायात प्रभावित प्रत्याशियों के शक्ति प्रदर्शन का असर शहर की सड़कों पर भी दिखाई दिया। एक तरफ सभा और जुलूसों में समर्थकों की भीड़ रही, तो दूसरी तरफ कई मार्गों पर वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात प्रभावित हुआ। हरिओम नगर से कचहरी चौराहे की ओर बढ़े जुलूस के दौरान सड़क पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। इसी समय स्कूल की छुट्टी हुई थी, जिसमें स्कूली गाड़ियां भी रेंगते नजर आईं। वहीं इस रोड के साथ साथ गोलघर, टाउनहाल, शास्त्री चौक की सड़कें भी जाम रहीं। पुलिस और यातायात व्यवस्था संभालने में जुटी रही। अब मुकाबला जीत के दावे से आगे सोमवार को हुए शक्ति प्रदर्शन से साफ है कि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का यह चुनाव दिलचस्प होने जा रहा है। भाजपा प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी जहां संगठन और पार्टी समर्थित शिक्षकों के भरोसे मैदान में हैं, वहीं पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे अजय सिंह इस बार पिछली कमी पूरी करने का दावा कर रहे हैं। राकेश सिंह भी शिक्षकों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश में जुटे हैं। नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने अपनी-अपनी ताकत का प्रदर्शन कर दिया है। अब चुनावी मैदान में दावों और वादों के साथ शिक्षकों के समर्थन को वोट में बदलने की चुनौती तीनों के सामने होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User