शिकायत के बाद 10 साल से खराब हाईमास्ट लाइट दुरुस्त:अमेठी में डीएम के 'एक दिवस सम्पूर्ण समाधान' अभियान से मिली राहत

Oct 02, 2026 - 09:36
0
शिकायत के बाद 10 साल से खराब हाईमास्ट लाइट दुरुस्त:अमेठी में डीएम के 'एक दिवस सम्पूर्ण समाधान' अभियान से मिली राहत
अमेठी में जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अनोखी पहल ‘एक दिवस सम्पूर्ण समाधान’ अब जमीन पर रंग लाने लगी है। जनसुनवाई में मिलने वाली शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए शुरू किए गए इस अभियान का असर जिले में साफ देखने को मिल रहा है। ताजा मामला मुसाफिरखाना तहसील के निजामुद्दीनपुर गांव का है। यहां की निवासी बुजुर्ग महिला केवला देवी अपनी फरियाद लेकर डीएम शशांक चौधरी के जनता दर्शन में पहुंचीं। उन्होंने शिकायत की कि उनके गांव में विधायक निधि से करीब एक दशक पहले लगवाई गई हाईमास्ट लाइट पिछले दस सालों से खराब पड़ी है। एलईडी लाइट से लेकर बिजली के तार तक सभी उपकरण खराब हो चुके हैं, जिससे पूरे गांव में अंधेरा छाया रहता है। महिला ने डीएम से गुहार लगाई कि आगामी नवरात्रि, दुर्गा पूजा और मूर्ति विसर्जन के मार्ग को देखते हुए जनहित में इस लाइट को तत्काल ठीक कराया जाना बेहद जरूरी है। बुजुर्ग महिला की इस शिकायत को डीएम शशांक चौधरी ने बेहद गंभीरता से लिया। उन्होंने जनसुनवाई में ही तत्काल मुसाफिरखाना ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी और विद्युत विभाग के अधिकारियों को मौके पर जाकर लाइट ठीक कराने के सख्त निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद बीडीओ मुसाफिरखाना और बिजली विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई और ग्राम निजामुद्दीनपुर पहुंचकर खराब पड़ी हाईमास्ट लाइट को उसी दिन दुरुस्त कर दिया। शिकायत का त्वरित समाधान होने के बाद शिकायतकर्ता केवला देवी ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लाइट ठीक होने से सिर्फ उन्हें ही नहीं बल्कि पूरे गांव और क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी,अब त्योहारों में अंधेरे की समस्या नहीं होगी। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी डीएम ने एक युवक की शिकायत पर कुछ ही घंटों में गांव में नया ट्रांसफार्मर लगवा दिया था,जिससे कई दिनों से बिजली की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को तुरंत राहत मिली थी।डीएम की इस कार्यशैली से आम जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User