शिक्षिका बोलीं- 2 महीने से शिकायत पर कार्रवाई नहीं:चैट-स्क्रीनशॉट समेत डिजिटल सबूत देने का दावा; शामली DM कार्यालय में अनशन की चेतावनी

Oct 05, 2026 - 20:24
0
शिक्षिका बोलीं- 2 महीने से शिकायत पर कार्रवाई नहीं:चैट-स्क्रीनशॉट समेत डिजिटल सबूत देने का दावा; शामली DM कार्यालय में अनशन की चेतावनी
शामली के कांधला ब्लॉक के मखमलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर-2 में तैनात शिक्षिका ने पुलिस और बेसिक शिक्षा विभाग पर शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। शिक्षिका का कहना है कि उन्होंने 29 जुलाई 2026 को लिखित शिकायत के साथ चैट, स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य अधिकारियों को सौंपे थे। उनका दावा है कि दो महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी मामले में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। कार्रवाई न होने पर उन्होंने मंगलवार सुबह 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। शिक्षिका का आरोप- व्हाट्सएप ग्रुपों में चरित्र-हनन शिक्षिका ने 5 अक्टूबर को सुबह 7:13 बजे X पर पोस्ट और वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि व्हाट्सएप ग्रुपों में लगातार उनका चरित्र-हनन किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं के खिलाफ अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने, डिजिटल माध्यम से उत्पीड़न और विरोध करने पर धमकी देने के आरोप भी लगाए। शिक्षिका का दावा है कि इन आरोपों से संबंधित डिजिटल साक्ष्य भी अधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं। इससे पहले 2 अक्टूबर को भी उन्होंने X पर वीडियो पोस्ट किया था। बोलीं- यह हर कामकाजी महिला के सम्मान की लड़ाई शिक्षिका ने कहा कि मामला किसी एक शिक्षक या शिक्षिका तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षकों के सम्मान, स्वाभिमान और कार्यस्थल की सुरक्षा से जुड़ा है। उन्होंने शिक्षक संगठनों से जुड़े कुछ पदाधिकारियों पर भी सहकर्मियों के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने मुख्यमंत्री से कार्रवाई की गुहार लगाई। साथ ही सवाल उठाया कि अगर किसी कामकाजी महिला को न्याय के लिए पुलिस और प्रशासन के चक्कर लगाने पड़ें तो आम महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान का क्या होगा। POSH Act और IT Act का भी किया उल्लेख शिक्षिका ने आरोप लगाया कि आधिकारिक ड्यूटी से जुड़े वीडियो का इस्तेमाल कर अश्लील टिप्पणियां और डिजिटल उत्पीड़न किया गया। उन्होंने अपनी पोस्ट में POSH Act, IT Act की धारा 66E/67 और BNS की धाराओं 74/78 का उल्लेख करते हुए FIR दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। मंगलवार को DM कार्यालय पहुंचने की चेतावनी शिक्षिका का कहना है कि उन्होंने पुलिस और बेसिक शिक्षा विभाग को सोमवार तक कार्रवाई का समय दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने मंगलवार सुबह 10 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि शिकायत पर कार्रवाई होने तक उनका विरोध जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User