शिक्षक एमएलसी चुनाव में भाजपा ने ताकत झोंकी:प्रदेश अध्यक्ष बोले शिक्षकों से व्यक्तिगत संपर्क, संवाद पर जोर दें
शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी ताकत झोंक दी है। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को रानीडीहा स्थित पार्टी के क्षेत्रीय कार्यालय पर शिक्षक एमएलसी चुनाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह बुद्धिजीवियों का चुनाव है। इसलिए व्यक्तिगत जनसंपर्क एवं संवाद पर ध्यान केंद्रित करें। बेठक में भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा ने कहा कि इस चुनाव की तकनीकी बारीकियों के अनुरूप प्रभावी रणनीति बनाई जाए। पदाधिकारियों ने 17 से 24 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बूथ स्तर पर मतदाता सूची को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सह प्रभारी प्रदीप वर्मा ने उपस्थित सांसदों एवं विधायकों को शिक्षक विधान परिषद चुनाव की तकनीकी प्रक्रियाओं और बारीकियों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में मतदाताओं से सीधा संवाद और व्यक्तिगत संपर्क महत्वपूर्ण है। सभी जनप्रतिनिधि शिक्षक मतदाताओं तक पहुंचकर उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करें तथा चुनाव से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं और व्यवस्थाओं के प्रति जागरूक करें। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शिक्षक विधान परिषद का चुनाव समाज के प्रबुद्ध वर्ग से जुड़ा चुनाव है। इसमें व्यक्तिगत संपर्क, संवाद और विश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को शिक्षक बंधुओं से व्यक्तिगत रूप से मिलकर भाजपा सरकार द्वारा उनके हितों में किए जा रहे कार्यों और प्रयासों की जानकारी देनी चाहिए। शिक्षक समाज के बीच निरंतर संपर्क और संवाद स्थापित करते हुए भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान के लिए उन्हें प्रेरित करना है। SIR अभियान में कोई वास्तविक मतदाता न छूटे
प्रदेश अध्यक्ष ने आगामी 17 से 24 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए बूथ स्तर पर गंभीरता से कार्य किया जाए। यदि कोई पात्र एवं वास्तविक मतदाता किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाया है, तो उसकी पहचान कर नियमानुसार नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में सहयोग किया जाए। सभी जनप्रतिनिधि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बनाकर इस अभियान को गति दें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय ने अतिथियों एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। बैठक का संचालन क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजीव राय ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ए.के. शर्मा एवं सूर्य प्रताप शाही, पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, सांसद विजय कुमार दूबे एवं शशांक मणि त्रिपाठी, पूर्व सांसद रविंद्र कुशवाहा, विधायक मोहन वर्मा, शलभ मणि त्रिपाठी, फतेह बहादुर सिंह, विपिन सिंह, गणेश चौहान, श्रीराम चौहान, श्रवण निषाद, केतकी सिंह एवं पी.एन. पाठक, विधान परिषद सदस्य रिशु सिंह सहित गोरखपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के सांसद, विधायक, पूर्व विधायक एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)