शिक्षक एमएलसी में कल बढ़ेगी नामांकन की संख्या:संजयन त्रिपाठी सपा में शामिल; कमलेश यादव को लखनऊ बुलाया गया
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। शुक्रवार को गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती के चलते नामांकन नहीं हुआ। शनिवार को कई प्रत्याशियों के नामांकन करने की संभावना है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ-एकजुट के प्रत्याशी राजीव यादव भी शनिवार को पर्चा दाखिल करेंगे। 2020 के चुनाव में उन्हें 4,529 वोट मिले थे। संजयन त्रिपाठी सपा में शामिल डॉ. संजयन त्रिपाठी और सत्यपाल सिंह ने 1 अक्टूबर को कमिश्नर कोर्ट पहुंचकर नामांकन किया था। नामांकन के बाद डॉ. संजयन ने अपनी गाड़ी से भाजपा का झंडा उतार दिया। इसके बाद उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी भाजपा से जुड़ी पोस्ट और तस्वीरें हटा दी गईं। शुक्रवार सुबह वे सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के साथ लखनऊ रवाना हुए। वहां उनकी सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात हुई। इसके बाद डॉ. संजयन ने सपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसकी औपचारिक घोषणा शुक्रवार शाम तक होने की बात कही गई है। कमलेश यादव को भी लखनऊ बुलाया गया सपा ने पहले ही कमलेश यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। उनका भी शनिवार को नामांकन करने का कार्यक्रम था, लेकिन शुक्रवार को अचानक उन्हें लखनऊ बुला लिया गया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से उन्हें प्रत्याशिता वापस लेने के लिए कहा जा सकता है। डॉ. संजयन के सपा में शामिल होने के दौरान कमलेश यादव के भी लखनऊ में मौजूद रहने की संभावना है। पिछले चुनाव के विजेता और रनरअप 5 अक्टूबर को भरेंगे पर्चा 2020 के चुनाव में विजेता रहे ध्रुव त्रिपाठी इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्हें पार्टी का टिकट मिल चुका है। ध्रुव त्रिपाठी 5 अक्टूबर, सोमवार को नामांकन करेंगे। वहीं, पिछले चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे अजय सिंह भी उसी दिन पर्चा दाखिल करेंगे। ध्रुव त्रिपाठी लगातार तीन बार एमएलसी रह चुके हैं। अजय सिंह पेशे से अधिवक्ता हैं और पिछले चुनाव में उन्हें अच्छा समर्थन मिला था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)