शिक्षक मर्डर केस, UPI से हुए ट्रांजेक्शन:स्कूल में नोट बिखरे, सीसीटीवी बंद और कुत्ते की मौत ने बढ़ाया शक
सुल्तानपुर के कादीपुर में सरकारी प्रिंसिपल और मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की हत्या के मामले में पुलिस पांच दिन की जांच के बाद कई कड़ियां जोड़ने में जुटी है। निजी स्कूल में मिले छोटे नोट, मृतक के यूपीआई से हुए संदिग्ध ट्रांजेक्शन, घटना से पहले सीसीटीवी खराब होना और सुरक्षा के लिए रखा गया कुत्ता पहले ही मर जाना जांच का हिस्सा बन गया है। पुलिस की जांच में अभी किसी आरोपी का नाम सामने नहीं आया है। मृतक के भाई अखिलेश सिंह की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज है। एसपी विनीत जायसवाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच समेत पांच टीमें लगाई गई हैं। स्कूल में 100-200 के नोट मिले, 500 का एक भी नहीं पुलिस को घटनास्थल की जांच के दौरान स्कूल के अंदर 100 और 200 रुपए के नोट बिखरे मिले थे। खास बात यह रही कि मौके पर मिले नोटों में 500 रुपए का एक भी नोट नहीं था। पुलिस अब इस पहलू को भी जांच रही है कि स्कूल में निर्माण कार्य चल रहा था और दो-तीन दिन बाद शिक्षकों को वेतन दिया जाना था, ऐसे में बड़ी रकम कहां गई। जांच टीम यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या किसी ने बड़ी रकम निकाल ली थी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि स्कूल में उस समय कितनी नकदी मौजूद थी और कितनी रकम गायब हुई है। यूपीआई से छोटे ट्रांजेक्शन, पासवर्ड जानने वाले पर नजर जांच में मृतक मुकेश सिंह के यूपीआई से स्कूल के मास्टर आदि के नंबरों पर 200, 500 और 700 रुपए जैसे छोटे ट्रांजेक्शन की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन लेनदेन के पीछे की वजह और इन्हें किसने किया, इसकी पड़ताल कर रही है। जांच में शामिल पुलिसकर्मियों के मुताबिक, एक आशंका यह भी है कि छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन के जरिए कुछ लोगों को शक के दायरे में लाने की कोशिश की गई हो। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मृतक के यूपीआई का पासवर्ड किस-किस को पता था। इसी कड़ी में मृतक के ड्राइवर राकेश कुमार से लगातार पूछताछ की जा रही है। मजदूरों-कॉन्ट्रैक्टर से पूछताछ, फिंगरप्रिंट भी मिलाए पुलिस ने स्कूल में सितंबर के दूसरे सप्ताह में सफेदा के पेड़ काटने वाले मजदूरों और ठेकेदार से भी पूछताछ की है। उनसे कुल्हाड़ी और अन्य औजारों के बारे में जानकारी ली गई। मजदूरों के फिंगरप्रिंट भी घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम द्वारा लिए गए नमूनों से मिलाए गए हैं। शुक्रवार शाम फॉरेंसिक टीम दोबारा घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने क्राइम सीन की दोबारा जांच करने के साथ ब्लड समेत अन्य जरूरी नमूने भी जुटाए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों को पहले मिले सबूतों से मिलाकर देख रही है। 4 दिन से सीसीटीवी बंद, कुत्ते की मौत की भी जांच पुलिस के सामने स्कूल का सीसीटीवी भी अहम कड़ी बनकर आया है। घटना से करीब चार दिन पहले से सीसीटीवी खराब था। सुरक्षा के लिए मुकेश सिंह ने स्कूल में एक कुत्ता भी रखा था, जिसकी घटना से करीब 14-15 दिन पहले मौत हो गई थी। कुत्ते को कहां ले जाकर दफनाया या हटाया गया, इसकी जानकारी अभी पुलिस को नहीं मिली है। सीसीटीवी के बंद होने और कुत्ते की मौत की जानकारी किसे थी, पुलिस इसका पता लगा रही है। इन्हीं पहलुओं के चलते जांच में मृतक के परिचितों और करीबी लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि रोजाना 15-20 लोगों से पूछताछ की जा रही है। गांव से जांच में बहुत ज्यादा मदद नहीं मिल पा रही है। ---------------------------------- यह खबर भी पढ़ें.. शिक्षक दंपती हत्याकांड में 9 संदिग्ध हिरासत में:सुल्तानपुर में चार के फुटेज मिले, UPI ट्रांजेक्शन और जमीन विवाद पर जांच तेज सुल्तानपुर में शिक्षक दंपती हत्याकांड को चार दिन बीत चुके हैं। इस ब्लाइंड मर्डर केस में पुलिस ने अब तक 34 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किया है। जिसमें से संदेह के घेरे में आए नौ संदिग्ध अब भी पुलिस की हिरासत में हैं। जिनसे पड़ताल के आधार पर पुलिस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही। वहीं फॉरेंसिक टीम द्वारा लिए गए नमूने से अब तक चार संदिग्धों के फुट फुटेज का मिलान भी हुआ है। सूत्रों की मानें तो क्राइम ब्रांच समेत कुल पांच टीमों के साथ अब प्रदेश स्तर की स्पेशल टीम भी वर्क आउट में लग गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)