शिवपाल यादव बोले- भाजपा वोट चोरी करती है:कन्नौज में सपा नेता के घर भागवत कथा में पहुंचे, कहा- अखिलेश के चेहरे पर लड़ेंगे चुनाव

Oct 06, 2026 - 16:01
0
शिवपाल यादव बोले- भाजपा वोट चोरी करती है:कन्नौज में सपा नेता के घर भागवत कथा में पहुंचे, कहा- अखिलेश के चेहरे पर लड़ेंगे चुनाव
कन्नौज में सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला। मकरंद नगर स्थित सपा नेता बउवन तिवारी के आवास पर आयोजित भागवत कथा में शामिल होने पहुंचे शिवपाल यादव ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर भाजपा को घेरा। राज्यसभा चुनाव में सपा की ओर से दो प्रत्याशी उतारे जाने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी डरी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव जीतने के लिए वोट की चोरी करती है। शिवपाल ने कहा, “सब जानते हैं कि भाजपा वोट की चोरी करती है। इसके साथ ही भगवान के चढ़ावे का भी चंदा चोरी करती है।” ग्राम पंचायत चुनाव टाले जाने के सवाल पर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बेईमानी के चक्कर में चुनाव टाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए और सभी चुनाव समय पर कराए जाने चाहिए। अखिलेश यादव को अपना नेता बताते हुए शिवपाल ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव के चेहरे पर लड़ेगी। वहीं, बसपा की चुनौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब बसपा का अस्तित्व ही खत्म हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि बसपा टूट चुकी है और “भाजपा जो कहेगी, बसपा वही करेगी।” चुनाव आयोग को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि अब जनता सड़कों पर है। चुनाव ईमानदारी से होने चाहिए। विपक्षी गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और सीटों के बंटवारे का फैसला राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। भागवत कथा में शामिल होने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि उनका परिवार हमेशा से धार्मिक आयोजनों में आस्था के साथ बढ़-चढ़कर भाग लेता रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User