शोहरतगढ़ में सपा का 'वोट बचाओ-देश बचाओ' मार्च:मणेन्द्र मिश्रा बोले- लोकतंत्र कमजोर करने की साजिश होगी विफल; सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर मंगलवार को सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ तहसील मुख्यालय पर विशाल 'वोट बचाओ - देश बचाओ मार्च' का आयोजन किया गया। समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने गड़ाकुल तिराहे से संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पैदल मार्च निकाला। संविधान के अनुच्छेद 326 का किया सार्वजनिक पाठ मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत सभी ने राष्ट्रगान का गायन किया और लोकतंत्र तथा वोट के अधिकार की रक्षा के लिए संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मणेन्द्र मिश्रा ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 326 का सार्वजनिक रूप से पाठ किया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को समझाते हुए कहा कि यह अनुच्छेद भारत के हर नागरिक को 'सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार' की गारंटी देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निष्पक्ष चुनाव प्रणाली पर हमला करके देश के लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है, जिसे समाजवादी पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी। निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता बचाने के लिए सपा आंदोलनरत: मणेन्द्र मिश्रा सपा नेता मणेन्द्र मिश्रा ने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता और साख को बनाए रखने के लिए समाजवादी पार्टी सड़क से लेकर संसद तक आंदोलनरत है। जनता के वोट के अधिकार पर किसी भी तरह का डाका बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निष्पक्ष चुनाव ही लोकतंत्र की आत्मा हैं और इसके लिए सपा कार्यकर्ता अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ेंगे। इस मार्च की अगुवाई शोहरतगढ़ विधानसभा अध्यक्ष हरिनारायण यादव, अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष शकील शाह, छात्र सभा के राष्ट्रीय सचिव अजय चौरसिया, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष व पूर्व नगर पंचायत प्रत्याशी गोपाल फौजी, जोनल प्रभारी राकेश दुबे, घनश्याम यादव और संजय यादव ने संयुक्त रूप से की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)