शोरूम से खरीदकर कार में रखी गोल्ड चेन उड़ाई:प्रयागराज में शीशा तोड़कर चाेरों ने की वारदात, खाना खाने गया था परिवार
प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर करीब 1.33 लाख रुपये की सोने की चेन चोरी कर ली गई। पीड़िता की तहरीर पर सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
ज्वैलरी शोरूम से खरीदकर कार में रखी थी चेन
प्रतापगढ़ के कुंडा की रहने वाली अनीता देवी अपने परिवार के साथ 11 अक्टूबर को सिविल लाइंस आईं। उन्होंने पुलिस को बताया कि यहां एसपी मार्ग पर कल्याण ज्वैलर्स इंडिया लिमिटेड से 1,32,950 रुपये की सोने की चेन खरीदकर निकलीं। चेन को उन्होंने अपनी आर्टिगा कार की आगे वाली सीट के नीचे रख दिया।
बिरयानी खाने गए, लौटे तो टूटा मिला कार का शीशा
चेन कार में रखने के बाद अनीता देवी अपने पति, बेटे और भाई उमा लाल के साथ पास के बिरयानी रेस्टोरेंट गए। इसके बाद वे पीवीआर स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुंचे। इसी दौरान उनके भाई ने बाहर जाकर देखा तो कार का शीशा टूटा हुआ था और कार में रखी सोने की चेन गायब थी।
112 पर सूचना देने के बाद दर्ज हुई एफआईआर
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार बिना खाना खाए बाहर पहुंचा और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस
सिविल लाइंस थाना प्रभारी रामाश्रय यादव ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चोरी करने वाले बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)