श्रावस्ती में 300 ग्राम प्रहरी सम्मानित, मानदेय 1000 रुपए बढ़ा:5 लाख तक कैशलेस इलाज भी, अधिकारी बोले- आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें
श्रावस्ती में पुलिस लाइन स्थित लव-कुश सभागार में मंगलवार को दोपहर 2:00 बजे से 3:00 के बीच ग्राम प्रहरी (चौकीदार) सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा, विधायक राम फेरन पांडेय, डीएम और एसपी की उपस्थिति में जिले के विभिन्न गांवों से आए करीब 300 ग्राम प्रहरियों को वस्त्र एवं साफा देकर सम्मानित किया गया। समारोह में ग्राम प्रहरियों के मासिक मानदेय को 2,500 रुपये से बढ़ाकर 3,500 रुपये करने और पांच लाख रुपये तक कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा को उनके कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। ग्राम प्रहरियों को ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था की अहम कड़ी बताते हुए अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने और गांवों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका की सराहना की गई। कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्रा और विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण संपर्क सूत्र हैं। उनकी सतर्कता से गांवों में होने वाली घटनाओं की जानकारी समय से पुलिस तक पहुंचती है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने ग्राम प्रहरियों को अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल संबंधित थाने को देने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि ग्राम प्रहरियों से मिलने वाली समयबद्ध सूचनाएं अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)