श्रावस्ती में 308 पहियों वाला ‘महाबली’ ट्रेलर सड़क पर उतरा:200 टन वजनी 100 फीट लंबा वेसल लखीमपुर जा रहा, रास्ते से हटाने पड़ रहे बिजली के तार

Oct 18, 2026 - 15:05
0
श्रावस्ती में 308 पहियों वाला ‘महाबली’ ट्रेलर सड़क पर उतरा:200 टन वजनी 100 फीट लंबा वेसल लखीमपुर जा रहा, रास्ते से हटाने पड़ रहे बिजली के तार
श्रावस्ती। जिले की सड़कों पर 308 पहियों वाला विशालकाय महा-ट्रेलर लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया। रविवार दोपहर 12:00 बजे करीब 100 फीट लंबे और 200 टन वजनी इंडस्ट्रियल वैक्यूम बायलर को लेकर गुजर रहे इस विशेष ट्रेलर को देखने के लिए हाईवे पर लोग कुछ देर के लिए थम से गए, इसकी विशालकाय बनावट और पहियों की लंबी कतार देखकर लोग हैरान रह गए। ओडिशा के पारादीप पोर्ट से रवाना हुआ यह भारी-भरकम काफिला झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर प्रदेश पहुंचा है। चंदौली और बलरामपुर के रास्ते श्रावस्ती से गुजरते हुए इसे लखीमपुर पहुंचाया जा रहा है। इस विशाल वेसल का इस्तेमाल चीनी मिल और एथेनॉल प्लांट की उत्पादन क्षमता बढ़ाने से जुड़े औद्योगिक कार्य में किया जाना है। ट्रेलर की असाधारण लंबाई, ऊंचाई और चौड़ाई के कारण इसके सुरक्षित आवागमन में कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। रास्ते में पड़ने वाले बिजली के हाईटेंशन तारों, केबल और साइनबोर्ड को जरूरत के अनुसार हटाना पड़ रहा है, ताकि भारी वेसल बिना किसी बाधा के आगे बढ़ सके। इसके साथ ही सड़क पर यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। 308 पहियों पर चल रहे इस विशाल ट्रेलर को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में खासा कौतूहल रहा। कई लोग इसकी तस्वीरें और वीडियो बनाते नजर आए। विशाल ट्रेलर के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। इतने भारी औद्योगिक उपकरण को सड़क मार्ग से सुरक्षित पहुंचाना अपने आप में बड़ी चुनौती है। इसके लिए जिस जिले से यह महाबली गुजर रहा वहां के यातायात पुलिस निगरानी रख रही है, ताकि काफिले का आवागमन सुरक्षित ढंग से हो और आम लोगों को जाम की समस्या से कम से कम परेशानी उठानी पड़े।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User