श्रावस्ती में DM-SP ने विसर्जन तैयारियों का जायजा लिया:व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी कड़ी नजर

Oct 19, 2026 - 17:13
0
श्रावस्ती में DM-SP ने विसर्जन तैयारियों का जायजा लिया:व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर रहेगी कड़ी नजर
श्रावस्ती में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को शाम 4:00 बजे से 5:00 के बीच डीएम अन्नपूर्णा गर्ग और एसपी राहुल भाटी ने अंधरपुरवा घाट पहुंचकर विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। विभागों को इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विसर्जन के लिए गड्ढा खोदने का कार्य पूरा मिला। डीएम ने घाट पर साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सोमवार रात तक पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही विसर्जन स्थल तक आने-जाने वाले मार्ग को भी साफ और सुगम बनाने को कहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि विसर्जन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। डीएम ने ग्राम प्रधान और ग्रामीणों से संवाद कर पिछले वर्ष की तरह इस बार भी आपसी सहयोग और सौहार्द के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराने की अपील की। उन्होंने एडीएम इकौना और पुलिस क्षेत्राधिकारी को भी विसर्जन के दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण ढंग से कराया जाए। इस दौरान किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण या नारेबाजी से बचा जाए, जिससे किसी अन्य समुदाय की भावनाएं आहत हों। उन्होंने सभी से त्योहार को आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। वहीं, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने ग्रामीणों से मिल-जुलकर त्योहार मनाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने को कहा। उन्होंने बताया कि अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने या शांति व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का जोर है कि विसर्जन के दौरान घाट पर आवश्यक सुविधाएं, सुरक्षा प्रबंध और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रहे, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर सकें और त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User