श्रावस्ती में मतदेय स्थलों के पुनर्गठन की प्रक्रिया शुरू:1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों की होगी जांच, 19 अक्टूबर को जारी होगी प्रारूप सूची
श्रावस्ती में आगामी मतदाता सूची पुनरीक्षण से पहले मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों के युक्तिकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों की जांच की जाएगी। साथ ही मतदान केंद्रों के भवनों, मतदाताओं के निवास और मतदेय स्थलों की उपयुक्तता का भौतिक सत्यापन कर आवश्यकतानुसार नए बूथ निर्धारित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने शुक्रवार शाम 5 से 6 बजे के बीच कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। भवनों के साथ मतदाताओं के निवास का भी होगा सत्यापन बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को वर्तमान मतदेय स्थलों और 1200 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों की सूची उपलब्ध कराई गई। सत्यापन के दौरान मतदान केंद्र के भवन की स्थिति के साथ यह भी जांचा जाएगा कि मतदाता सूची में दर्ज लोग संबंधित मतदेय स्थल के आसपास वास्तव में निवास करते हैं या नहीं। भौतिक सत्यापन के बाद जरूरत के अनुसार मतदेय स्थलों का पुनर्निर्धारण किया जाएगा। नए मतदान केंद्र स्थापित करने के लिए उपयुक्त भवनों को भी चिह्नित किया जाएगा। 26 अक्टूबर तक अंतिम होगी मतदेय स्थलों की सूची निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 से 18 अक्टूबर तक मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन, पुनर्निर्धारण और नए मतदान केंद्रों के लिए भवनों का चिह्नांकन किया जाएगा। 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की प्रारूप सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाएगी। आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण के बाद 26 अक्टूबर तक सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की, ताकि निर्धारित मानकों के अनुसार मतदेय स्थलों का निर्धारण हो और मतदान के दौरान मतदाताओं को असुविधा न हो। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर 2027 को कार्यक्रम के अनुसार, मतदान केंद्रों का युक्तिकरण और पुनर्व्यवस्थापन 2 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। एकीकृत मसौदा मतदाता सूची 12 नवंबर को प्रकाशित होगी। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 4 अक्टूबर 2027 को निर्धारित है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)