श्रावस्ती में वाहन से गिरने के बाद युवक की मौत:पुलिस की सुरक्षा में 3 दिन बाद घर पहुंचा शव, 2 राजस्वकर्मी सस्पेंड

Sep 24, 2026 - 21:00
0
श्रावस्ती में वाहन से गिरने के बाद युवक की मौत:पुलिस की सुरक्षा में 3 दिन बाद घर पहुंचा शव, 2 राजस्वकर्मी सस्पेंड
श्रावस्ती में भूमि विवाद के दौरान पुलिस वाहन से गिरकर घायल हुए कमलेश का गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद तीसरे दिन शव घर पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया। मुंबई में रह रहा कमलेश का बड़ा बेटा भी घर पहुंच गया। गांव में तनाव को देखते हुए अंतिम संस्कार के दौरान भारी पुलिस बल तैनात रहा। मामला गिलौला थाना क्षेत्र के सिसवारा मदारपुरवा गांव का है। 22 सितंबर को भूमि विवाद सुलझाने पहुंची थी टीम घटना 22 सितंबर की है। पुलिस के मुताबिक, भूमि विवाद के निपटारे के लिए राजस्व टीम के साथ गिलौला पुलिस सिसवारा मदारपुरवा पहुंची थी। सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पांच महिलाओं और एक पुरुष को सरकारी वाहन से थाने ले जाया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि इसी दौरान कमलेश ने वाहन का गेट खोल दिया और चलती गाड़ी से कूदने की कोशिश की। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार ने लगाया धक्का देने का आरोप मृतक के परिजनों का आरोप है कि विवादित जमीन का मामला अदालत में विचाराधीन था। उनका कहना है कि राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में विपक्षी पक्ष जमीन पर कब्जे का प्रयास कर रहा था, जिसका कमलेश और अन्य लोगों ने विरोध किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी दौरान कमलेश को पुलिस वाहन से धक्का देकर गिराया गया। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने परिजनों के आरोप को खारिज करते हुए कहा है कि कमलेश खुद चलती गाड़ी से कूदे थे। लेखपाल और राजस्व निरीक्षक निलंबित मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग के निर्देश पर लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एसपी राहुल भाटी ने गिलौला थानाध्यक्ष आशीष कुमार, उपनिरीक्षक इंद्रदेव पटेल और आरक्षी परविंदर कुमार को पुलिस लाइन भेज दिया है। राजस्व और पुलिस की भूमिका की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई है। करीब दो बिस्वा जमीन को लेकर था विवाद स्थानीय लोगों के मुताबिक, कमलेश का करीब दो बिस्वा जमीन को लेकर देशराज वर्मा उर्फ गूठे से विवाद चल रहा था। कमलेश की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियां अभी अविवाहित हैं। गांव में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की जांच के बाद ही घटना में पुलिस और राजस्व टीम की भूमिका को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User