शराबी पति ने पत्नी का गला घोंटने की कोशिश की:सहारनपुर में दहेज के लिए मारपीट और तलाक का दबाव बनाने का आरोप, FIR दर्ज

Oct 03, 2026 - 11:35
0
शराबी पति ने पत्नी का गला घोंटने की कोशिश की:सहारनपुर में दहेज के लिए मारपीट और तलाक का दबाव बनाने का आरोप, FIR दर्ज
सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र की रहने वाली 28 वर्षीय महिला रमशा खान ने अपने पति पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, शराब के नशे में मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर शनिवार सुबह आठ बजे महिला थाना पुलिस ने पति के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विस्तार से पूरा मामला जानिए… महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में सराय शाहजी निवासी रमशा खान ने बताया कि उसका निकाह 5 अक्टूबर 2019 को हलालपुर निवासी शहजाद के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुआ था। रमशा के मुताबिक, यह उसकी पहली और शहजाद की दूसरी शादी थी। शादी के शुरुआती दिनों में सब ठीक रहा, लेकिन करीब दो-तीन महीने बाद पति ने दहेज को लेकर उसे ताने देना और प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। महिला का आरोप है कि उसका पति शराब पीने का आदी है। वह अक्सर शराब के नशे में घर आता था और अपने दोस्तों को भी घर पर बुलाकर शराब पीता था। आरोप है कि दोस्तों के सामने भी पति उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। महिला ने बताया कि उसके मायके वालों ने कई बार पति को पैसे दिए, लेकिन उसकी मांगें पूरी नहीं हुईं। रमशा ने आरोप लगाया कि पति ने उसका करीब तीन तोले का सोने का सेट और अंगूठी भी बेच दी। इसके अलावा उसके नाम दर्ज मकान को भी बड़ा मकान दिलाने की बात कहकर बिकवा दिया। महिला के अनुसार, पति कई बार मारपीट कर उसे घर से निकाल चुका है। बाद में समझौता होने पर वह उसे वापस ले जाता था, लेकिन तलाक की धमकी देना जारी रखता था। महिला के मुताबिक, 17 जुलाई 2026 की शाम पति शराब के नशे में अपने 2-3 दोस्तों के साथ घर आया। उसने मायके से पैसे नहीं लाकर देने की बात पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि पति ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसका गला घोंटने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो पति ने उनके सामने ही महिला को धक्के देकर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह रोते हुए मायके पहुंची और अपनी मां को घटना की जानकारी दी। महिला का आरोप है कि इसके बाद से पति लगातार तलाक की धमकी दे रहा है और जबरन तलाकनामे पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बना रहा है। महिला ने पति के साथ वापस जाने पर जान का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User