श्रद्धालुओं के ऑटो की लोडर से भिड़ंत, 12 घायल:कड़ा धाम से लौटते समय हादसा, एंबुलेंस नहीं पहुंची तो पुलिस-प्रधान ने पहुंचाया अस्पताल
कौशांबी में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कड़ा धाम से गंगा स्नान और मां शीतला के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के ऑटो की ई-रिक्शा लोडर से टक्कर हो गई। सयारा ओवरब्रिज के पास दोपहर करीब एक बजे हुए हादसे में दर्जनभर लोग घायल हो गए। इनमें दो महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्राम प्रधान लवलेश यादव ने अपने वाहनों से घायलों को मंझनपुर स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, सेलरहा पश्चिम गांव निवासी सुनीता देवी, दिव्या देवी, आशा देवी और बच्ची शिवानी ने गंगा स्नान के लिए धरमुहापुर गांव निवासी ज्ञान सिंह का ऑटो बुक किया था। सभी कड़ा धाम स्थित कुबरी घाट पर गंगा स्नान और मां शीतला के दर्शन करने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में कमासिन के पास मक्खन और उनकी पत्नी अरीता देवी भी ऑटो में सवार हो गए। बताया जा रहा है कि सयारा ओवरब्रिज के पास सामने से आ रहे ई-रिक्शा लोडर से ऑटो की जोरदार भिड़ंत हो गई। लोडर में भी कुछ महिलाएं सवार थीं। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में बैठे यात्री घायल हो गए। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने घायलों की मदद करते हुए पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिराथू चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, हादसे की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान लवलेश यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घायलों की हालत देखते हुए अपने वाहनों से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भी सरकारी जीप से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों का उपचार चल रहा है। एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर लोगों में नाराजगी स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे की सूचना देने के बावजूद घायलों को अस्पताल पहुंचाए जाने तक मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)