श्रीकांत शर्मा का विपक्ष पर हमला,बोले- चुनावी हार से बौखलाहट:दिल्ली में संविधान की कॉपी लेकर लोकतंत्र को तार-तार कर रहा
मथुरा में हिमाचल प्रदेश के प्रभारी एवं पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से विपक्षी नेता बौखलाहट में हैं और लोकतंत्र में अपनी बात रखने के बजाय भीड़तंत्र का सहारा ले रहे हैं। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि लोकसभा, विधानसभा, नगर निगम, जिला परिषद और विश्वविद्यालयों के चुनावों में हार के बाद विपक्ष निराश है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं होता, तो वह देश में अराजकता फैलाने का प्रयास करता है। जंतर-मंतर और बोट क्लब जैसे स्थानों को प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित करने की शुरुआत कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी। एसआईआर को लेकर भ्रम फैलाने का आरोप पूर्व मंत्री ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 13 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने की बात कही जा रही है, जबकि उनके अनुसार इनमें मृत, दोहरे नाम वाले और दूसरे स्थानों पर जा चुके लोग शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के अभियान में विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंट भी सहयोग कर रहे थे। श्रीकांत शर्मा ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष तिरंगे और युवाओं का सहारा लेकर राजनीतिक लाभ लेना चाहता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची का प्रारूप तैयार हो रहा है। जवाहर बाग कांड का किया उल्लेख मोदी सरकार की सराहना करते हुए श्रीकांत शर्मा ने कहा कि मजबूत इच्छाशक्ति से कश्मीर और नक्सलवाद की समस्या पर नियंत्रण हुआ है। देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन सभी के लिए अनिवार्य है और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। पूर्व मंत्री ने जवाहर बाग कांड का उल्लेख करते हुए तत्कालीन सपा-कांग्रेस गठबंधन सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में जवाहर बाग में संघर्ष के दौरान पुलिस अधिकारियों की जान गई थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)