श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की सभी रसोई को मिला ‘भोग प्रमाणपत्र:खाद्य सुरक्षा के मानकों पर लगी मुहर,स्वामी गोविंददेव गिरि की मौजूदगी में मिला प्रमाण पत्र
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा संचालित सभी रसोईघरों को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से ‘भोग प्रमाणपत्र’ प्रदान किया गया। इस प्रमाणपत्र के मिलने से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए तैयार किए जाने वाले भोग एवं प्रसाद की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति प्रतिबद्धता को नई मजबूती मिली है। इस संबंध में शनिवार को पीएफसी कॉन्फ्रेंस हॉल में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के उपरांत श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को औपचारिक रूप से प्रमाणपत्र सौंपे गए। इस अवसर पर ट्रस्ट के महासचिव गोविन्द देव गिरि, ट्रस्टी कृष्ण मोहन, महंत दिनेन्द्र दास, जगदीश आफले सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्वामी गोविंददेव गिरि ने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की रसोईघरों को भोग प्रमाणपत्र मिलना धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ स्वच्छता, शुद्धता और खाद्य सुरक्षा के प्रति सजगता का महत्वपूर्ण कदम है। इससे भगवान श्रीराम के भोग एवं प्रसाद की व्यवस्था में निर्धारित मानकों के पालन को प्रोत्साहन मिलेगा। उन्होंने ट्रस्ट के मौजूद सदस्यों के साथ इस प्रमाण पत्र के मिलने पर बेहद प्रसन्नता का अनुभव किया।इससे पहले संबंधित अधिकारियों का रामनाम और रामलला के मोमेंटों देकर स्वागत किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)