सीएचसी भिनगा-भंगहा में मिलीं खामियां, अनुपस्थित डॉक्टरों को चेतावनी:दो संविदा कर्मियों के वेतन पर सख्ती; प्रसव कक्ष में पानी नहीं, स्टोर हटाने के निर्देश

Oct 17, 2026 - 12:04
0
सीएचसी भिनगा-भंगहा में मिलीं खामियां, अनुपस्थित डॉक्टरों को चेतावनी:दो संविदा कर्मियों के वेतन पर सख्ती; प्रसव कक्ष में पानी नहीं, स्टोर हटाने के निर्देश
श्रावस्ती। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार सिंह ने बीते बृहस्पतिवार और शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिनगा और भंगहा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाओं में कमियां, कर्मचारियों की अनुपस्थिति सामने आई। सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार सुबह 11:00 बजे के बाद बताया की भिनगा में अनुपस्थित चिकित्सकों को अनुशासनात्मक चेतावनी दी गई, जबकि भंगहा में दो संविदा कर्मचारियों का वेतन वास्तविक उपस्थिति के आधार पर देने के निर्देश दिए गए। लगातार अनुपस्थित बने रहने पर अन्य विभागीय कार्रवाई भी होगी। सीएचसी भिनगा के बीते बृहस्पतिवार निरीक्षण में प्रसव कक्ष में रनिंग वाटर की सुविधा नहीं मिली। फार्मासिस्ट इश्तियाक अहमद दवाओं से संबंधित अभिलेखों की जानकारी पर संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। डॉ. अर्चना अनुपस्थित मिलीं, जबकि डॉ. साहित्या वर्मा और डॉ. प्रीतम पांडेय 12 अक्टूबर से अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने संबंधित चिकित्सकों को अनुशासनात्मक चेतावनी देते हुए नियमित ड्यूटी करने के निर्देश दिए। एएनएम रीना कुमारी भी अनुपस्थित मिलीं। वहीं, जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े कार्यों की समीक्षा कर निर्देश दिया गया कि नवजात को अस्पताल से छुट्टी देते समय ही परिजनों को प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जाए। सीएचसी भंगहा में बीते शुक्रवार लेबर रूम के पास स्टोर रूम मिलने पर सीएमओ ने उसे दूसरी जगह स्थानांतरित करने तथा साफ-सफाई और संक्रमण नियंत्रण के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। पीएनसी वार्ड में भर्ती दो प्रसूताओं को नवजात की देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। प्रसव के बाद प्रसूता और नवजात को कम से कम 24 घंटे चिकित्सकीय निगरानी में रखने पर जोर दिया गया। यहां ओपीडी में 57 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में 14 यूनिट रक्तदान हुआ। भंगहा में संविदा कर्मचारी आबिद हुसैन और संजय वर्मा अनुपस्थित मिले। अधीक्षक के अनुसार, दोनों आठ अक्टूबर से अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। सीएमओ ने निर्देश दिया कि उनका वेतन वास्तविक उपस्थिति के आधार पर ही आहरित किया जाए। उन्होंने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, नियमित उपस्थिति और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User