सीएम ग्रिड फेज-3 के काम में तेजी लाने के निर्देश:27 अक्टूबर को होगा भूमि पूजन, नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक

Oct 15, 2026 - 19:27
0
सीएम ग्रिड फेज-3 के काम में तेजी लाने के निर्देश:27 अक्टूबर को होगा भूमि पूजन, नगर आयुक्त ने की समीक्षा बैठक
मथुरा में नगर निगम मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में सीएम ग्रिड फेज-3 योजना के अंतर्गत स्वीकृत निर्माण कार्यों को गति देने के लिए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने गुरुवार शाम संबंधित विभागों के अधिकारियों, कंसल्टेंट और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्माण कार्यों की प्रगति, विभागीय समन्वय और कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को लेकर चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यों के सुचारु संचालन के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय बनाकर काम करें, जिससे निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। बैठक में नगर आयुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सीएम ग्रिड फेज-3 के सभी कार्यों के सुपरविजन चार्ज की गणना शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं, संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को 27 अक्टूबर को क्षेत्रीय पार्षदों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए कहा गया। योजना के अंतर्गत प्रस्तावित निर्माण कार्यों को शुरू करने में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए कंसल्टेंट को जीएफसी (गुड फॉर कंस्ट्रक्शन) ड्रॉइंग जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी कार्यों में गुणवत्ता मानकों और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों की प्रगति में तेजी लाई जाए। बैठक में मुख्य अभियंता निर्माण संजय सिंह, अधीक्षण अभियंता मुदित तिवारी, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार पाल, सहायक अभियंता मनोज कुमार सैंगर, सहायक अभियंता जलकल हेमेन्द्र गौतम, अवर अभियंता कुंवर आशीष सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी, संबंधित कंसल्टेंट और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User