कानपुर में छात्राओं को अफसरों ने दिए सफलता के मंत्र:मिशन शक्ति के तहत करियर गाइडेंस कार्यक्रम में टाइम मैनेजमेंट पर जोर
कानपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन, समय का बेहतर प्रबंधन, एकाग्रता और तनाव पर नियंत्रण जरूरी है। अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने से सफलता की राह आसान हो सकती है। गुरुवार शाम को मिशन शक्ति 6.0 के तहत बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में आयोजित करियर गाइडेंस कार्यक्रम में आईएएस और आईपीएस अधिकारियों ने छात्राओं को सफलता के ऐसे ही मंत्र दिए। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की ओर से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने अधिकारियों से संवाद कर करियर और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवाल पूछे। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, आईएएस अधिकारी संदीप, आईपीएस अधिकारी शिवा सिंह, आईपीएस अधिकारी अंजना दहिया, उपजिलाधिकारी एवं जिला समाज कल्याण अधिकारी पुष्पेंद्र कुमार सिंह और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुराग सिंह ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही पुस्तकों के चयन, विषयों की प्राथमिकता तय करने, नियमित अभ्यास और समयबद्ध अध्ययन पर जोर दिया। उन्होंने सलाह दी कि बड़े लक्ष्य को छोटे-छोटे चरणों में बांटकर तैयारी करें, ताकि अपनी प्रगति का आकलन किया जा सके। संवाद के दौरान टाइम मैनेजमेंट और स्ट्रेस मैनेजमेंट पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने, परीक्षा के दबाव और असफलता के डर से निपटने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के उपाय बताए। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास बनाए रखने और चुनौतियों के बावजूद लगातार प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगी परीक्षाओं में विषयों की समझ, नियमित पुनरावृत्ति और समसामयिक घटनाओं की जानकारी को भी महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता संदीप ने कौशल विकास मिशन के तहत उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। वहीं, अरुण ने मुख्यमंत्री युवा योजना के माध्यम से स्वरोजगार और उद्यमिता की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। करियर काउंसलर गरिमा ने छात्राओं को उनकी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार करियर विकल्प चुनने की सलाह दी। उन्होंने कौशल आधारित रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों की भी जानकारी दी। इस अवसर पर पुष्पेंद्र कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)