सीएम योगी महिला सुरक्षा योजना का अयोध्या में सकारात्मक परिणाम:राम मंदिर परिसर में मिली वृद्धा को वन स्टॉप सेंटर ने परिवार से मिलाया

Oct 01, 2026 - 17:25
0
सीएम योगी महिला सुरक्षा योजना का अयोध्या में सकारात्मक परिणाम:राम मंदिर परिसर में मिली वृद्धा को वन स्टॉप सेंटर ने परिवार से मिलाया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में महिला सुरक्षा और संकट में फंसी महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित व्यवस्था का अयोध्या में सकारात्मक उदाहरण सामने आया है। घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और पारिवारिक उपेक्षा का सामना कर रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला राम मंदिर परिसर में असहाय अवस्था में मिली। 181 महिला हेल्पलाइन से सूचना मिलने के बाद सखी वन स्टॉप सेंटर की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित संरक्षण में लिया। काउंसलिंग और परिवार के सदस्यों से संवाद के बाद महिला को सम्मानपूर्वक परिजनों के साथ भेज दिया गया। घर से निकाले जाने के बाद मंदिर परिसर में बैठी थी महिला वन स्टॉप सेंटर के अनुसार कमलावती (काल्पनिक नाम) लंबे समय से पारिवारिक उपेक्षा, मानसिक उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का सामना कर रही थीं। पारिवारिक परिस्थितियां बिगड़ने पर उनके पति ने उन्हें घर से बाहर कर दिया था। इसके बाद वह असहाय अवस्था में राम मंदिर परिसर में बैठी मिलीं। 181 हेल्पलाइन के माध्यम से 13 मार्च को सूचना प्राप्त हुई, जिसके बाद ओएससी टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित स्थान पर ले गई। काउंसलिंग से दूर किया भावनात्मक आघात सखी वन स्टॉप सेंटर में महिला की काउंसलिंग की गई। उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए भावनात्मक स्थिति को समझने का प्रयास किया गया। आत्मसम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत करने के साथ महिला को उनके अधिकारों और उपलब्ध कानूनी विकल्पों की जानकारी दी गई। आवश्यकता के अनुसार अस्थायी आश्रय और सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई। पति, पुत्र और बहू की भी कराई गई काउंसलिंग महिला की पारिवारिक स्थिति सुधारने के लिए स्थानीय थाना, ग्राम प्रधान और परिवार के सदस्यों से संपर्क किया गया। पति, पुत्र और बहू की फैमिली काउंसलिंग कराई गई। लगातार संवाद के बाद परिजनों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आया और उन्होंने महिला को साथ रखने पर सहमति जताई। महिला की इच्छा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक परिवार के साथ भेज दिया गया। समन्वय से वृद्ध महिला को मिली नई राह जिला प्रोबेशन अधिकारी जय पाल वर्मा ने बताया कि महिला अब संतोषजनक और सुरक्षित वातावरण में जीवन व्यतीत कर रही हैं। उन्होंने सम्मान के साथ घर वापसी की है। इस प्रकरण में 181 हेल्पलाइन, सखी वन स्टॉप सेंटर, पुलिस, ग्राम प्रधान और परिवार के सदस्यों के बीच समन्वय महत्वपूर्ण रहा। समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से महिला को असहाय अवस्था से बाहर निकालकर सुरक्षित पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सका।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User