सीएम युवा योजना की समीक्षा, खराब बैंकों को चेतावनी:बुलंदशहर में जिला रैंकिंग 54वें स्थान पर गिरी, एक हफ्ते में 25वें पर लाने के निर्देश

Oct 15, 2026 - 15:55
0
सीएम युवा योजना की समीक्षा, खराब बैंकों को चेतावनी:बुलंदशहर में जिला रैंकिंग 54वें स्थान पर गिरी, एक हफ्ते में 25वें पर लाने के निर्देश
जिलाधिकारी कुमार हर्ष की अध्यक्षता में गुरुवार दोपहर 2 बजे उद्योग विभाग द्वारा संचालित 'मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना' (सीएम युवा योजना) की प्रगति को लेकर एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के समग्र प्रदर्शन और विशेष रूप से खराब प्रदर्शन करने वाले बैंकों की कार्यप्रणाली की कड़ी समीक्षा की गई। ​समीक्षा के दौरान योजना के अंतर्गत जनपद को प्राप्त कुल 1600 के वार्षिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक मात्र 501 ऋण वितरण होने पर गहरी चिंता जताई गई। वर्तमान में इस सुस्त रफ्तार के कारण जनपद की रैंकिंग गिरकर 54वें स्थान पर पहुंच गई है। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एलडीएम (लीड बैंक मैनेजर) और उपायुक्त उद्योग को कड़ी चेतावनी दी और आगामी एक सप्ताह के भीतर जनपद की रैंक को सुधारकर 25वें स्थान पर लाने के कड़े निर्देश दिए। ​बैठक में खराब प्रगति वाले चार बैंकों के जिला समन्वयकों और क्षेत्रीय प्रबंधकों को तलब किया गया था। केनरा बैंक, इंडियन बैंक और एचडीएफसी बैंक द्वारा पिछले 15 दिनों में बेहद न्यूनतम प्रगति दिखाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और इन्हें अगले दो दिनों के भीतर अपेक्षित प्रगति हासिल करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से, एचडीएफसी बैंक का वार्षिक लक्ष्य 97 है, जिसके मुकाबले बैंक ने अब तक मात्र 9 आवेदन पत्रों पर ही ऋण वितरण की कार्रवाई की है। इस लचर प्रदर्शन पर गहरी असंतोष जताते हुए मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) निशा ग्रेवाल को एचडीएफसी बैंक की शाखावार समीक्षा करने का जिम्मा सौंपा गया है। ​दूसरी ओर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) द्वारा की गई प्रगति पर संतोष व्यक्त किया गया, साथ ही ऋण वितरण की गति को और अधिक तेज करने के निर्देश दिए गए ताकि अन्य लक्ष्य समय पर पूरे किए जा सकें। ​बैठक के अंत में योजना की प्रगति में तेजी लाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए और आगामी बृहस्पतिवार को पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User