सिख स्वरूप में रैंप कर छाईं मॉडल नवजोत कौर:कनाडा फैशन शो में दस्तार सजाकर बढ़ाया मान; बोलीं- यह तो सिर्फ शुरुआत है

Nov 19, 2026 - 18:01
0
सिख स्वरूप में रैंप कर छाईं मॉडल नवजोत कौर:कनाडा फैशन शो में दस्तार सजाकर बढ़ाया मान; बोलीं- यह तो सिर्फ शुरुआत है
कनाडा के अंतरराष्ट्रीय फैशन रनवे पर पूरे गौरव, रौब और सम्मान के साथ दस्तार (पगड़ी) सजाकर रैंप वॉक करने वाली पंजाबी मूल की सिख महिला मॉडल नवजोत कौर इन दिनों सोशल मीडिया पर धूम मचा रही हैं। टोरंटो में आयोजित एक फैशन शो के दौरान अपनी शानदार प्रस्तुति से उन्होंने न केवल दर्शकों का दिल जीता है, बल्कि वैश्विक मंच पर सिख पहचान और संस्कृति का मान भी बढ़ाया है। फैशन शो के दौरान अन्य मॉडल्स के बीच सिर ऊंचा करके खड़ी नवजोत कौर ने पूरे आत्मविश्वास और शानो-शौकत के साथ अपनी सिख पहचान को प्रस्तुत किया। दस्तार सजाकर रैंप पर उतरने के उनके इस कदम ने दुनिया को अपनी पहचान, समृद्ध इतिहास और आस्था पर अडिग रहने का सशक्त संदेश दिया है। दस्तार पहनकर किया रैंप वॉक नवजोत कौर के इस अद्वितीय स्वरूप ने सोशल मीडिया यूजर्स और दर्शकों के दिलों को छू लिया है। इंटरनेट पर हर कोई उनके आत्मविश्वास और अंतरराष्ट्रीय फैशन जगत में अपनी जड़ों का प्रतिनिधित्व करने के अंदाज की खुलकर सराहना कर रहा है। गौरतलब है कि नवजोत कौर के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी अक्सर उनकी ऐसी तस्वीरें देखने को मिलती हैं, जिनमें वह पूर्ण सिख स्वरूप में दस्तार सजाकर पूरे रौब और गरिमा के साथ नजर आती हैं। नवजोत बोलीं- यह तो केवल शुरुआत, अभी लंबा सफर तय करना है सोशल मीडिया अकाउंट पर फैशन शो की तस्वीरें साझा करते हुए नवजोत कौर ने इस ऐतिहासिक पल को एक लंबे सफर की शुरुआत बताया। अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए उन्होंने लिखा कि अभी लंबा रास्ता तय करना है, यह तो केवल शुरुआत है। नवजोत ने लिखा कि मैंने कभी इसकी कल्पना नहीं की थी, लेकिन निश्चित रूप से इसे हासिल कर लिया है। आप अपनी पहचान, इतिहास और विश्वास को साथ लेकर दुनिया के हर मंच पर मजबूती से खड़े हो सकते हैं। बस अपने भीतर बसने वाली उस परम शक्ति पर विश्वास रखें। नवजोत का कहना है कि उसने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और आने वाले वर्षों में भी ऐसा ही करती रहेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User