सीतापुर जिला-अस्पताल में डीएम ने लापरवाही पर लिया एक्शन:सफाई ठेकेदार का भुगतान कटेगा, डॉक्टर-स्टाफ नर्स को नोटिस, हॉस्पिटल मैनेजर पर भी कार्रवाई

Oct 10, 2026 - 17:06
0
सीतापुर जिला-अस्पताल में डीएम ने लापरवाही पर लिया एक्शन:सफाई ठेकेदार का भुगतान कटेगा, डॉक्टर-स्टाफ नर्स को नोटिस, हॉस्पिटल मैनेजर पर भी कार्रवाई
सीतापुर जिला अस्पताल में अव्यवस्थाएं मिलने पर डीएम डॉ. राजा गणपति आर. ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे औचक निरीक्षण के दौरान पर्चा काउंटर पर लंबी कतार, मरीजों की निगरानी में लापरवाही और सफाई व्यवस्था में कमियां मिलने पर उन्होंने कार्रवाई के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था में खामियों पर संबंधित ठेकेदार के भुगतान में 10 प्रतिशत कटौती करने, मरीज के पर्चे में कमियां मिलने पर संबंधित डॉक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया। महिला वार्ड में लापरवाही पर स्टाफ नर्स के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही हॉस्पिटल मैनेजर को भी नोटिस जारी करने को कहा। डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर पर्चा काउंटर, दवा वितरण काउंटर, इमरजेंसी, महिला, शिशु और मेडिकल वार्ड सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पर्चा काउंटर पर मरीजों की लंबी कतार देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को स्टाफ बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को पर्चा बनवाने के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। डीएम ने महिला वार्ड में भर्ती महिलाओं से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों की समुचित मॉनिटरिंग में लापरवाही मिलने पर स्टाफ नर्स पर कार्रवाई और हॉस्पिटल मैनेजर को नोटिस देने के निर्देश दिए। शौचालयों के बाहर ड्यूटी रोस्टर लगाने और सीएमएस को रोज सुबह सभी वार्डों का निरीक्षण करने को कहा। शिशु वार्ड में बच्चों के खानपान, चिकित्सकों की ड्यूटी और सुविधाओं का जायजा लिया। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। इमरजेंसी और मेडिकल वार्ड में मरीजों से उपचार, बीपी जांच और भोजन के बारे में जानकारी ली। रसोई में भोजन की गुणवत्ता भी संतोषजनक मिली। डीएम ने सीएमओ और सीएमएस को साफ-सफाई, दवा वितरण, कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी रोस्टर का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। लापरवाही मिलने पर सेवा समाप्ति तक की कार्रवाई की जा सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User