सीतापुर में 35 फीट के रावण का दहन:रामलीला मैदान में धूमधाम से मंचन, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा इलाका
सीतापुर में शहर के तरीनपुर स्थित रामलीला मैदान में रामलीला का मंचन धूमधाम से किया गया। 135 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत सोमवार की रात्रि भी आयोजित रामलीला में कलाकारों ने भगवान श्रीराम और रावण के बीच युद्ध का सजीव मंचन किया। भगवान राम की विजय के साथ ही रावण दहन किया गया। जैसे ही रावण का पुतला आग की लपटों में घिरा, मैदान में मौजूद लोगों के बीच उत्साह देखने को मिला। पुतला जलते ही पटाखे फूटने लगे और पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला के मंचन के दौरान कलाकारों ने राम-रावण युद्ध के प्रसंग को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। मंचन में दिखाया गया कि अहंकार और अधर्म का प्रतीक लंकापति रावण भगवान श्रीराम के सामने पराजित हो जाता है। इसके बाद भगवान राम का तीर रावण की नाभि में लगता है और रावण का अंत हो जाता है। इसी प्रसंग के साथ रामलीला मैदान में रावण दहन किया गया।
मेला कमेटी के अध्यक्ष राकेश कुमार सक्सेना ने बताया कि तरीनपुर में पिछले 135 वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन क्षेत्र की पुरानी परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशों और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए प्रत्येक वर्ष 35 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाता है। इस बार भी रामलीला के मंचन के अनुरूप भगवान श्रीराम की विजय के साथ रावण दहन किया गया। रावण दहन देखने के लिए मैदान में लोगों की भीड़ जुटी। पुतले के दहन के साथ ही लोगों ने भगवान श्रीराम के जयकारे लगाए। आयोजन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)