सीतापुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत:मामा के घर गोद भराई से लौट रहे मां-बेटे, मां गंभीर घायल
सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब 10:30 बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसवां पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसकी मां की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, मुरवटोला निवासी काशीराम पुत्र विशंभर अपनी मां कुसमा पत्नी विशंभर के साथ मामा के घर गए थे। वहां उनकी मामी की बेटी की गोद भराई का कार्यक्रम आयोजित था। मां-बेटे कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से काशीराम और उनकी मां कुसमा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही सदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपने वाहन से दोनों को सीएचसी बिसवां पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने काशीराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कुसमा की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए हादसे के मामले में पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है। हादसे के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)