सीतापुर में DM-SP ने जलभराव का जायजा लिया:अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था करने और मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए

Sep 26, 2026 - 08:14
0
सीतापुर में DM-SP ने जलभराव का जायजा लिया:अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था करने और मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए
सीतापुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच जलभराव और जल निकासी की स्थिति का जायजा लेने के लिए डीएम डॉ. राजागणपति आर. और एसपी अंकुर अग्रवाल ने शनिवार रात 11 बजे विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की स्थिति देखी और संबंधित विभागों के अधिकारियों से जल निकासी की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। डीएम ने शहर के वार्ड पूर्णागिरि मोहल्ला और चांदी हनुमान मंदिर क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव वाले स्थानों की स्थिति देखी और पानी की निकासी को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के कारण जिन स्थानों पर पानी भर रहा है, वहां तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इसके बाद डीएम एसपी ने तहसील सिधौली क्षेत्र के बिसवां चौराहे का भी निरीक्षण किया। यहां भी बारिश के कारण जलभराव की स्थिति की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर सक्रिय रहने और जल निकासी की व्यवस्था पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के कारण उत्पन्न किसी भी समस्या को लेकर लापरवाही न बरती जाए। जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचें और आवश्यक कार्रवाई करें। साथ ही आमजन को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा गया। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जलभराव और जल निकासी से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय रखा गया है। प्रशासन ने जनसामान्य की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User