सीतापुर में होमगार्ड की मौत, पोस्टमार्टम में सड़क हादसा निकला:सिर में चोट और पसलियां टूटी मिलीं, कई घंटे सड़क किनारे पड़ा रहा शव
सीतापुर के तालगांव थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में गुरुवार सुबह मिले होमगार्ड राजेश कुमार (40) की मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सड़क हादसा होने की बात सामने आई है। डॉक्टरों के पैनल से कराए गए पोस्टमार्टम में उनके सिर में गंभीर चोट और पसलियां टूटी मिली हैं। चोटों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि बाइक से जाते समय सड़क हादसे में उनकी मौत हुई और इसके बाद वह कई घंटे तक मौके पर ही पड़े रहे। जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार पुत्र पुत्तू लाल निवासी नगई मल्लापुर, कोतवाली लहरपुर में होमगार्ड के रूप में ड्यूटी करते थे। परिजनों के अनुसार बुधवार रात करीब आठ बजे वह 112 पुलिस ड्यूटी के लिए घर से तालगांव कोतवाली जाने की बात कहकर बाइक से निकले थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं पहुंचे। सुबह तक उनके नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गुरुवार सुबह तालगांव कोतवाली क्षेत्र में बांका नगर पुलिया के पास सड़क किनारे राजेश का शव पड़ा होने की सूचना मिली। शव के पास ही उनकी मोटरसाइकिल भी बरामद हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। सीओ लहरपुर अभिषेक कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट और पसलियों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट के आधार पर मौत सड़क हादसे में होने की बात सामने आई है। हालांकि हादसा किस वाहन से हुआ और घटना किस परिस्थिति में हुई, इसे लेकर पुलिस की जांच जारी है। सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोटों की पुष्टि हुई है। परिजनों की ओर से किसी तरह का आरोप नहीं लगाया गया है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)