सीतापुर में सरायन नदी में मिला लापता युवक का शव:हैदरपुर पुल पर मिले कपड़े और मोबाइल, 2 दिन से चल रही थी तालाश
सीतापुर में इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के तिहार गांव निवासी 21 वर्षीय युवक का शव शुक्रवार को हैदरपुर पुल के पास सरायन नदी में उतराता हुआ मिला। युवक दो दिनों से लापता था। शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। देखिए 2 तस्वीरें- भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी जानकारी के अनुसार, तिहार गांव निवासी श्याम कृष्ण (21) पुत्र रामनरेश बुधवार को किसी बात से नाराज होकर घर से चला गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो उसके भाई ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि मृतक के पिता बाहर रहकर काम करते हैं। परिजनों का आरोप है कि गुमशुदगी दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने युवक की तलाश के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं की। मौके पर लोगों की भीड़ जमा शुक्रवार को तिहार चौकी क्षेत्र के हैदरपुर पुल के पास सरायन नदी में युवक का शव उतराता दिखाई दिया। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि युवक के कपड़े और मोबाइल फोन भी पुल पर मिले हैं। नदी में शव मिलने की सूचना पर तिहार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)