सीतापुर में सुबह से झमाझम बारिश:भीगते हुए स्कूल पहुंचे बच्चे, 8 घंटे में 32 मिमी बारिश
सीतापुर में गुरुवार की मध्यरात्रि से शुरू हुई रुक-रुककर बारिश शुक्रवार सुबह तक जारी रही। सुबह के समय भी बारिश का सिलसिला थमा नहीं। पिछले दो दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बारिश ने राहत दी। तापमान में गिरावट के साथ मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को बारिश के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। शुक्रवार सुबह झमाझम बारिश के बीच स्कूली बच्चे रेनकोट और छाते के सहारे स्कूल जाते दिखाई दिए। कई अभिभावक खुद छाता लेकर बच्चों को बारिश से बचाते हुए स्कूल छोड़ने पहुंचे। बारिश के चलते शहर की सड़कों पर भी सुबह के समय आवागमन प्रभावित नजर आया। कई स्थानों पर सड़क किनारे पानी जमा होने से राहगीरों को भी दिक्कत हुई। 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले चार दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस बना हुआ था। इस तरह तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले करीब आठ घंटे में सीतापुर में लगभग 32 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। रात से लगातार हो रही बारिश के कारण शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के दौरान भी तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन और संबंधित विभाग भी मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)