सजेती में छात्राओं को महिला सुरक्षा की दी जानकारी:हेल्पलाइन नंबर, POCSO एक्ट और साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके बताए
घाटमपुर तहसील क्षेत्र के सजेती कस्बे में मंगलवार दोपहर एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत एकलव्य इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, अग्निशमन सेवा 101, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए 1930 नंबर की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को POCSO एक्ट के प्रावधानों और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। पुलिस कर्मियों ने UPCOP ऐप के माध्यम से मिलने वाली विभिन्न जन सुविधाओं की जानकारी भी दी। इसके साथ ही व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के बारे में बताया गया। महिला सशक्तीकरण अभियान और राज्य सरकार की ओर से संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। पुलिस टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। टीम ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं और बालिकाओं से जुड़ी समस्याओं की सूचना मिलने पर पुलिस प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)