स्कॉर्पियो की मांग पर टूटा निकाह, 4 दिन बाद हुआ:50 लोगों की बारात लेकर पहुंचा दूल्हा, पंचायत के बाद दोनों परिवारों में समझौता
संभल में दहेज में स्कॉर्पियो N गाड़ी की मांग को लेकर टला निकाह चार दिन बाद हो गया। बुधवार रात करीब 7 बजे दूल्हा राहत अली 50 लोगों के साथ बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंचा। दोनों परिवारों के बीच पुलिस में शिकायत और पंचायत के बाद समझौता हुआ। इसके बाद निकाह की रस्में पूरी की गईं। निकाह से 20 मिनट पहले बारात लाने से किया था इनकार मामला संभल तहसील के ऐंचौड़ा कम्बोह थाना क्षेत्र के गांव ज्ञानपुर सिसौना और रायसत्ती थाना क्षेत्र के गांव परियावली का है। परियावली निवासी रियासत अली की बेटी का निकाह ज्ञानपुर सिसौना निवासी इरशाद अली के बेटे राहत अली से तय हुआ था। 11 अक्टूबर को शाम 4 बजे निकाह होना था। आरोप है कि निकाह से करीब 20 मिनट पहले राहत अली ने दहेज में गाड़ी की मांग को लेकर बारात लाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया था। ढाई साल पहले शादी में हुई थी मुलाकात दोनों की मुलाकात करीब ढाई साल पहले एक शादी समारोह में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए और परिवारों की सहमति से निकाह तय हुआ था। दुल्हन निकाह के लिए तैयार थी, लेकिन तय समय पर बारात नहीं पहुंचने से परिवार की खुशियां चिंता में बदल गईं। पंचायत के बाद दोनों परिवारों में बनी सहमति 13 अक्टूबर को मंडलाई गांव में दोनों पक्षों की पंचायत हुई। इसके बाद समझौते की राह निकली और बुधवार को निकाह संपन्न हुआ। असमोली सीओ अमन सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। उन्होंने समझौतानामा दिया है और कोई भी पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहता। दूसरी शादी भी निकाह टलने से हुई थी प्रभावित परिवारों के मुताबिक, 12 अक्टूबर को इफ्तेखार ने अपने बेटे शाने आलम का निकाह राहत अली की बहन मौज्जम से तय किया था। परियावली की युवती का निकाह नहीं होने के कारण शाने आलम का निकाह भी टाल दिया गया था। अब यह निकाह 15 अक्टूबर को होना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)