स्कूल में किताबें गड्ढे में मिलने पर प्रधानाध्यापक निलंबित:सीतापुर में वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई, DM के निर्देश पर जांच के बाद एक्शन
सीतापुर के विकासखंड पहला में सरकारी स्कूल में बच्चों को मुफ्त बांटी जाने वाली किताबें, स्कूल बैग और जूते जमीन में दफन किए जाने के मामले में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। डीएम के निर्देश पर गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की रिपोर्ट में कई अनियमितताएं मिलने के बाद कंपोजिट विद्यालय पचदेवराभान के सहायक अध्यापक एवं प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने उनके खिलाफ अनुशासनिक जांच भी शुरू करा दी है। जांच अधिकारी के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी कसमंडा अजय गुप्त मौर्य को नामित किया गया है। उन्हें साक्ष्यों सहित तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट एक महीने के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। गड्ढे से निकाली गई थी किताबें और जूते मामला शुक्रवार को उस समय सामने आया था, जब विद्यालय परिसर में जमीन के अंदर दबाई गई किताबें, स्कूल बैग और जूते निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में गड्ढे से सामग्री निकालते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप था कि करीब तीन फीट गहरा गड्ढा खोदकर बच्चों को वितरित की जाने वाली सामग्री दबाई गई थी। इस मामले में राजेंद्र सिंह और कोमल कुमार ने डीएम को लिखित शिकायत देकर जांच और कार्रवाई की मांग की थी। प्रधानाध्यापक ने बताई थी सामग्री पुरानी मामला सामने आने के बाद प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव तिवारी ने सफाई देते हुए कहा था कि जमीन में दफन सामग्री वर्ष 2019 की थी और खराब हो चुकी थी। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। जांच समिति के स्थलीय निरीक्षण में विद्यालय परिसर और कक्षाओं में साफ-सफाई की कमी, आईसीटी लैब की सामग्री का उपयोग नहीं होने और मल्टीपल हैंडवाश यूनिट बंद मिलने जैसी कमियां सामने आईं। इसके अलावा निर्धारित समय से पहले बच्चों को छुट्टी देने, निपुण आकलन अधूरा रहने तथा मध्यान्ह भोजन और जरूरी अभिलेखों में कमियां मिलने का भी उल्लेख किया गया है। इन अनियमितताओं के आधार पर शिक्षक को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)