स्मार्ट सिटी बरेली में सड़कों पर गड्ढों का राज:हादसों में गिर रहीं बाइकें और ऑटो, अनदेखी से सांस और अस्थमा के मरीज बढ़े
स्मार्ट सिटी कहलाने वाले बरेली शहर की सड़कों की हालत इन दिनों बद से बदतर हो चुकी है। शहर की प्रमुख सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे नज़र आ रहे हैं। गड्ढों का आकार इतना बड़ा है कि आए दिन हादसे हो रहे हैं—बाइक, ऑटो और ई-रिक्शा पलट रहे हैं, तो कारें गड्ढों में फंस जा रही हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और प्रशासन की नींद टूटने का नाम नहीं ले रही है। बरेली में गड्ढों वाली सड़क की दो तस्वीरें देखे ….
दैनिक भास्कर की टीम ने जब शहर की प्रमुख सड़कों का रियल्टी चेक किया, तो बदहाली की हैरान करने वाली तस्वीरें सामने आईं: मढ़ीनाथ पुल: पुल की शुरुआत से ही जानलेवा गड्ढे शुरू हो जाते हैं, जहाँ आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। कोहाड़ापीर से धर्मकांटे वाली रोड: इस मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं। स्टेडियम रोड: विशालकाय गड्ढों के कारण यहाँ से गुजरना जोखिम भरा बना हुआ है। सिविल लाइंस: शहर के पॉश इलाके सिविल लाइंस में नोवेल्टी चौराहे से पटेल चौक के बीच, किप्स सुपर मार्केट के सामने बड़े-बड़े गड्ढे हादसों को न्योता दे रहे हैं। लाल फाटक रोड: ये रोड इतनी ज्यादा ख़राब हो गई है कि यहाँ सड़क नहीं बल्कि गड्ढे ही गड्ढे है। बारिश से पहले के गड्ढे, अब बने और भी गहरे ये गड्ढे केवल हाल ही में हुई बारिश की देन नहीं हैं, बल्कि यह समस्या बारिश से पहले से बनी हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग ने समय रहते इनकी सुध नहीं ली, जिससे बारिश का पानी भरने के बाद ये गड्ढे और भी गहरे और खतरनाक हो गए हैं। पानी भरा होने के कारण वाहन चालकों को गड्ढों की गहराई का अंदाज़ा नहीं मिल पाता और वे हादसे का शिकार हो जाते हैं। धूल से सांस और अस्थमा के मरीज बढ़े, व्यापार प्रभावित खराब सड़कों के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे आसपास के निवासियों और राहगीरों को सांस लेने में तकलीफ और अस्थमा जैसी बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों के बीचों-बीच सड़कें उखड़ी पड़ी हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों और खरीदारों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है और स्मार्ट सिटी का दावा सिर्फ कागजों तक सीमित नज़र आ रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)