सम्भल को मिले दो नए आधुनिक फायर इंजन:डीएम-एसपी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, 4000 लीटर क्षमता का इंजन भी शामिल
सम्भल में आगजनी और अन्य आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए जनपद सम्भल की अग्निशमन व्यवस्था को नई मजबूती मिली है। अग्निशमन तथा आपात सेवा मुख्यालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से जनपद को दो नए आधुनिक अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार 4:30 बजे को जिलाधिकारी सम्भल अंकित खंडेलवाल और पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने पुलिस कार्यालय से दोनों वाहनों को हरी झंडी दिखाकर संबंधित अग्निशमन केंद्रों के लिए रवाना किया। जनपद को मिले वाहनों में 4000 लीटर क्षमता का मोटर फायर इंजन विद रेस्क्यू, सर्च एंड रेस्क्यू इक्विपमेंट तथा 2500 लीटर क्षमता का वाटर टेंडर शामिल है। नए वाहनों में आग बुझाने के साथ-साथ आपात स्थिति में लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। इनके जरिए अग्निशमन विभाग को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने में मदद मिलेगी। जनपद में नगरीय क्षेत्रों के साथ ही औद्योगिक और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आगजनी की घटनाओं में समय पर पहुंचना अग्निशमन विभाग के लिए महत्वपूर्ण होता है। आधुनिक वाहनों के उपलब्ध होने से विभाग की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ने की उम्मीद है। आग लगने की घटनाओं के अलावा दुर्घटना अथवा अन्य आपात परिस्थितियों में भी इन संसाधनों का उपयोग किया जा सकेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि आपात परिस्थितियों में तत्काल और प्रभावी रिस्पॉन्स सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आधुनिक संसाधनों एवं उपकरणों का बेहतर उपयोग करने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह, मुख्य अग्निशमन अधिकारी कृष्णकान्त ओझा, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन अशोक कुमार, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी फायर स्टेशन सम्भल सनद कुमार पटेल समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)