व्यापार मण्डल ने DCP ट्रैफिक से की मुलाकात:व्यापारी बोले- सड़क किनारे न खड़ी हो बसें, ई-रिक्शा संचालन नियमानुसार चलवाने की मांग
कानपुर में आने वाले त्योहारों को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग को लेकर भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रतिनिधिमंडल ने डीसीपी ट्रैफिक अभयनाथ त्रिपाठी से मुलाकात की। शनिवार को अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र और जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यातायात भवन स्थित कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं और सुझाव रखे। बंद चौराहों की समीक्षा की मांग
ज्ञानेश मिश्र ने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख बाजारों और मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ेगा। ऐसे में जिन चौराहों को बंद कर आगे कट बनाए गए हैं, उनकी समीक्षा की जानी चाहिए। जहां जरूरत हो, वहां चौराहे खोलने की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक लंबा चक्कर न लगाना पड़े और यातायात का दबाव कम हो। उन्होंने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सड़क में गड्ढों और धीमी यातायात गति के कारण लगने वाले जाम की समस्या भी उठाई। त्योहारों से पहले सड़कों की मरम्मत कराने और यातायात सुचारु रखने के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की। टाटमिल पर मुख्य मार्ग में बसें खड़ी न हों
प्रतिनिधिमंडल ने टाटमिल बस स्टैंड की समस्या भी उठाई। कहा गया कि बसों के मुख्य मार्ग पर खड़े होकर सवारियां भरने पर प्रभावी रोक लगाई जाए। बसों को निर्धारित स्थान पर ही खड़ा करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे जीटी रोड पर यातायात बाधित न हो और जाम से लोगों को राहत मिले। ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने की मांग
जिलाध्यक्ष विजय गुप्ता गोरे ने कहा कि पूरे शहर में ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित और नियंत्रित करने के लिए प्रभावी यातायात व्यवस्था बनाई जाए। प्रमुख चौराहों, बाजारों और व्यस्त मार्गों पर ई-रिक्शा के अनियंत्रित संचालन और सड़क पर अनावश्यक रूप से रुकने पर रोक लगाने की मांग की गई। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने का भी सुझाव दिया गया। डीसीपी ने दिया निरीक्षण का आश्वासन
जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता कुक्कू और जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अब्दुल वहीद ने कहा कि त्योहारों से पहले यातायात से जुड़ी समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की जरूरत है, ताकि आम नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को जाम से राहत मिल सके। डीसीपी ट्रैफिक अभयनाथ त्रिपाठी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वे स्वयं सड़क पर उतरकर विभिन्न स्थानों का निरीक्षण करेंगे और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ज्ञापन देने वालों में जिला कोषाध्यक्ष मनोज गुप्ता कुक्कू, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष अब्दुल वहीद, जिला मंत्री सुरेंद्र जायसवाल, विनोद त्रिपाठी, मोहम्मद शाहिद समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)