संभल हिंसा: बिलाल हत्याकांड में मुल्ला-अफरोज के भाई की गवाही:आरोपी की ओर से 11 गवाहों की सूची दी गई थी, 22 अक्टूबर को सुनवाई
संभल हिंसा से जुड़े बिलाल हत्याकांड मामले में शुक्रवार को आरोपी मुल्ला अफरोज के सगे भाई फरोग आलम की गवाही हुई। जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने गवाह से जिरह की। मामले में अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 22 अक्टूबर की तारीख तय की है। आरोपी की ओर से पेश किया गया गवाह जिला न्यायाधीश डॉ. विदुषी सिंह की अदालत में संभल कोतवाली के अपराध संख्या 340/2024 के तहत दर्ज बिलाल हत्याकांड की सुनवाई चल रही है। जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित ने शुक्रवार शाम करीब छह बजे बताया कि मुल्ला अफरोज की ओर से अदालत में 11 गवाहों की सूची दी गई थी। इसी क्रम में गुरुवार को पहला गवाह उसके सगे भाई फरोग आलम को पेश किया गया। अभियोजन पक्ष ने उससे जिरह की। गुलाम ने साक्ष्य देने से किया था इनकार इसी मामले में 14 अक्टूबर को आरोपी गुलाम ने अदालत में अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए कोई साक्ष्य या गवाह पेश करने से इनकार कर दिया था। वहीं, 9 अक्टूबर को अदालत में पेशी के दौरान मुल्ला अफरोज और गुलाम ने एक-दूसरे को पहचानने से इनकार किया था। दोनों ने घटना में शामिल होने से इनकार करते हुए पुलिस पर झूठा फंसाने का आरोप लगाया था। चार मुकदमों की रोजाना सुनवाई जिला शासकीय अधिवक्ता राहुल दीक्षित के मुताबिक, संभल कोतवाली में दर्ज अपराध संख्या 338/2024, 339/2024 और 340/2024 के साथ नखासा थाने में दर्ज अपराध संख्या 306/2024 की सुनवाई जिला अदालत में प्रतिदिन हो रही है। बिलाल, अयान, कैफ और नईम की हत्या के मामलों में वारिस, मुल्ला अफरोज और गुलाम आरोपी हैं। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों को शारिक साठा का गुर्गा बताया गया है। नवंबर 2024 के सर्वे के दौरान भड़की थी हिंसा 19 नवंबर 2024 को हिंदू पक्ष ने संभल की शाही जामा मस्जिद को श्रीहरिहर मंदिर होने का दावा करते हुए सिविल सीनियर डिवीजन कोर्ट, चंदौसी में याचिका दाखिल की थी। अदालत के आदेश पर उसी दिन पहले चरण का सर्वे हुआ, जबकि दूसरा चरण 24 नवंबर को किया गया। दूसरे सर्वे के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और हिंसा भड़क गई। इस दौरान पुलिस पर पथराव और फायरिंग की घटनाएं हुईं। हिंसा में पांच लोगों की मौत हुई और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई, एएसपी अनुज चौधरी तथा डिप्टी कलेक्टर समेत 29 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)